कोरबा: रात में अज्ञात चोरों ने 2 दुकानों के शटर तोड़े, पुलिस जांच में जुटी
कोरबा । कोरबा अंचल सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत दर्री रोड में संचालित विशाल ट्रेडर्स और संतोष ट्रेडर्स नामक प्रतिष्ठान को अज्ञात चोरों ने अपना निशाना बनाया। दोनों दुकानों में चोरियां शटर अटास कर की गई हैं।
जानकारी के अनुसार दर्री रोड मुख्य मार्ग से लगी विशाल ट्रेडर्स में बर्थडे से संबंधित सामानों की बिक्री की जाती है तो संतोष ट्रेडर्स किराना सामानों की बिक्री करता है। दर्री रोड व्यापारी संघ के अध्यक्ष ने सुबह विशाल ट्रेडर्स का शटर क्षतिग्रस्त देखा तो इसकी सूचना संचालक को फोन पर दी। कुछ ही देर में खबर आम हुई तो संतोष ट्रेडर्स में भी चोरी का पता चला। व्यापारी संघ के अध्यक्ष के साथ संचालकों संतोष अग्रवाल (संतोष ट्रेडर्स), तन्नी (विशाल ट्रेडर्स) ने चोरी की सूचना कोतवाली थाना जा कर दी। मौके पर स्थानीय व्यापारियों, आम लोगों के साथ-साथ पुलिस की मौजूदगी बनी हुई है और कोतवाल द्वारा आवश्यक प्रारंभिक जांच पड़ताल शुरू कर दी गई है। डॉग स्क्वाड की भी मदद ली जा रही है।
प्रारंभिक जांच-पड़ताल में ज्ञात हुआ है कि विशाल ट्रेडर्स में चोरों ने गोदाम का शटर करीब डेढ़ फीट तक अटास कर भीतर प्रवेश किया। एक चोर का मुंह खुला और दूसरे ने आधा-अधूरा गमछा चेहरे पर बांध रखा था। यहां से उन्हें कुछ हासिल नहीं हुआ क्योंकि गोदाम के बगल में मुख्य दुकान है, जहां तक चोरों की पहुंच नहीं हो सकी। रात करीब 1:30 बजे चोर यहां घुसे थे। यहां से निकलने के बाद सीधे संतोष ट्रेडर्स में पहुंचे और यहां से लगभग 15000 रुपए नगदी रकम गल्ले से पार किया। यहां चोरी के दौरान दोनों ने अपने चेहरे बांध रखे थे। दोनों वारदातें सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई हैं।
एक ही रात चोरी की दो वारदातों से लोगों में नाराजगी और खासकर व्यापारी वर्ग में चिंता व्याप्त है। इसी तरह एक अन्य सूचना के मुताबिक उरगा थाना अंतर्गत भैसमा बाजार चौक के पास स्थित महामाया होटल में रात करीब 3:50 बजे दो चोरों ने घुसकर अपना काम किया। सीसीटीवी कैमरे में घटना कैद हुई है।

