चाकु की नोंक पर पंप कर्मियों से लूट-4 नकाबपोशों ने दिया घटना को अंजाम
कोरबा l जानकारी के अनुसार रात्रि की शिफ्ट में ड्यूटी कर रहे पेट्रोल पंप के दो कर्मचारियों के साथ चार अज्ञात नकाबपोश लोगों ने चाकु की नोक पर लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया है।
प्रार्थी ग्राम रजकम्मा निवासी एक पेट्रोल पंप में सेल्समेन का काम करता है। 15 जनवरी को पंप में उसकी ड्यूटी रात्रि 8 बजे से 16 जनवरी के प्रातः 10 बजे तक एक अन्य कर्मचारी के साथ थी। रात्रि लगभग 8.30 बजे उन्होंने पंप का चार्ज लिया और मैनेजर दिन भर का हिसाब पैसा लेकर चला गया। वे दोनों शटर वाले एक कमरे में खाट पर लेटे-लेटे जाग रहे थे कि रात लगभग 1बजे दो मोटर सायकल में 4 व्यक्ति उम्र लगभग 30-40 वर्ष पेट्रोल पंप के सामने आये। दोनों ने मोटरसायकल पेट्रोल पंप में शटर वाले कमरे के सामने आकर खड़ा किये व तत्काल दो व्यक्ति प्रार्थी के पास एवं दो व्यक्ति दूसरे कर्मचारी के पास आकर पैंट की जेब में रखे बिक्री रकम को निकाल लिये। इस दौरान दो व्यक्ति हाथ में चाकू रखे थे। लूटने के बाद दोनों तरफ का शटर खींचकर भाग गये। चारों व्यक्ति मुंह में कपड़ा गमछा बांधे थे, शॉल गरम कपडा पहने थे। चोटिल कर्मियों ने अपने फोन से मैनेजर को सूचना दी, फिर चैतमा चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराया। उनकी रिपोर्ट पर अज्ञात 4 व्यक्तियों के विरुद्ध पाली थाना में धारा 309(6) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज कर पतासाजी किया जा रहा है।
