कोरबा प्रेस क्लब में न्यू जर्नलिस्ट फाउंडेशन छत्तीसगढ़ कोरबा इकाई की हुई पहली बैठक संपन्न
- पत्रकारों के हित में एकजुट होकर कार्य करने का लिया संकल्प
- जल्द होगा अंतरराष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन
कोरबा । न्यू जर्नलिस्ट फाउंडेशन छत्तीसगढ़ की कोरबा इकाई की पहली महत्वपूर्ण बैठक कोरबा प्रेस क्लब में आहूत की गई। बैठक में प्रदेश पदाधिकारियों, जिला पदाधिकारियों सहित संगठन के अन्य सदस्यों ने सहभागिता की। - पत्रकारों को मिलेगी अलग पहचान
बैठक का मुख्य उद्देश्य कोरबा के पत्रकारों को एक अलग पहचान दिलाने के साथ पत्रकारों के हितों और संगठन के उद्देश्यों को मजबूती के साथ आगे बढ़ाना रहा। इस दौरान संगठन की आगामी गतिविधियों एवं कार्ययोजना को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। - आईएफडब्लूजे राष्ट्रीय सचिव ने किया ऑनलाइन संवाद
बैठक में आईएफडब्लूजे के राष्ट्रीय सचिव शिव शंकर सोनपिपरे दिल्ली प्रवास के कारण ऑनलाइन माध्यम से जुड़े और सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों से संवाद किया। उन्होंने संगठन को मजबूत बनाने तथा पत्रकारों के हित में एकजुट होकर कार्य करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि संगठन की मुख्य लड़ाई पत्रकार सुरक्षा कानून पर बने विधेयक को पारित करवाना, पत्रकारों की पेंशन राशि में वृद्धि करवाने सहित अधिमान्यता संबंधी विशेष कार्यों के लिए संघर्ष करना होगा। - एकजुटता का संकल्प
बैठक में यह निर्णय लिया गया कि कोरबा के किसी भी पत्रकार को किसी भी प्रकार के सहयोग या आवश्यकता होने पर संगठन के सभी सदस्य एकजुट होकर उसका साथ देंगे। इसके लिए शीघ्र ही एक विस्तृत कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी ढंग से कार्य किया जा सके। - कोरबा में होगा अंतरराष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन
बैठक में कोरबा में जल्द ही अंतरराष्ट्रीय पत्रकार सम्मेलन आयोजित करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण चर्चा हुई। इस सम्मेलन में देश-विदेश से पत्रकारों के शामिल होने की संभावना है। संगठन का उद्देश्य इस महत्वपूर्ण आयोजन के माध्यम से कोरबा को पत्रकारिता के क्षेत्र में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाना है।
संगठन की ओर से कहा गया कि यह सम्मेलन कोरबा के लिए एक ऐतिहासिक अवसर होगा। इसे सफल बनाने के लिए कोरबा के सभी पत्रकारों से तन, मन और सहयोग के साथ सहभागी बनने की अपील की गई।
बैठक में वरिष्ठ पत्रकार गेंदलाल शुक्ला, कमलेश यादव, विजय खेत्रपाल, दीपक जैन, डॉ. निर्मला शर्मा, जगदीश पटेल, संदीप शर्मा, रमेश वर्मा, महिला पत्रकार सिमरन खत्री साहित्य प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप अग्रवाल, समाज कल्याण प्रकोष्ठ की प्रदेश अध्यक्ष श्रीमती सुधा झा, व्यास नारायण यादव, संदीप केसरवानी, जितेंद्र हथठेल, राजीव प्रजापति, सुखनंदन सोनकर, कन्हैया पटेल आदि सहित अन्य उपस्थित रहे।



