ओमपुर सोसायटी भवन निर्माण विवाद: जनपद पंचायत ने जांच समिति गठित की, ग्रामीणों की शिकायत पर होगी स्थल जांच

कोरबा। ग्राम पंचायत रजगामार के आश्रित ग्राम ओमपुर में प्रस्तावित सोसायटी भवन निर्माण को लेकर शुरू हुए विवाद के बाद जनपद पंचायत कोरबा ने जांच समिति का गठन किया है। ग्रामीणों द्वारा मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत को सौंपे गए आवेदन में मांग की गई है कि स्वीकृत सोसायटी भवन का निर्माण ओमपुर मेन क्लब परिसर में कराया जाए तथा वर्तमान चयनित स्थल पर निर्माण कार्य तत्काल रोका जाए।
ग्रामीणों का आरोप है कि सरपंच एवं सचिव ने वार्ड क्रमांक 11 से 20 तक के पंचों और जनप्रतिनिधियों की सहमति के बिना भवन निर्माण के लिए दूसरे स्थान का चयन कर लिया है। उनका कहना है कि चयनित स्थल स्कूल भवन के समीप होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित होगी, वहीं खाद्यान्न सामग्री की सुरक्षा और आवागमन जैसी समस्याएं भी उत्पन्न हो सकती हैं। ग्रामीणों ने जनहित को ध्यान में रखते हुए मेन क्लब परिसर में भवन निर्माण कराने की मांग की है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जनपद पंचायत कोरबा ने विभिन्न निर्माण कार्यों के निरीक्षण एवं पर्यवेक्षण के लिए चार सदस्यीय समिति गठित की है। समिति में उप अभियंता संजय लहरे, सानंदा मजुमदार, विकास चेलक तथा निखिल गुप्ता को शामिल किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार समिति रजगामार पंचायत में वर्ष 2025-26 के अंतर्गत जिला खनिज संस्थान न्यास मद से स्वीकृत पीडीएस भवन निर्माण के स्थल चयन से जुड़े विवाद सहित अन्य निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर अपना स्पष्ट अभिमत प्रस्तुत करेगी। यदि किसी कार्य को आगे बढ़ाना संभव नहीं होगा तो समिति यथास्थिति का मूल्यांकन कर पूर्णता प्रमाण-पत्र सहित अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेगी।



