
प्रवीण ओगरे को जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण महामंत्री का जिम्मा, कार्यकर्ताओं और युवाओं में उत्साह
छत्तीसगढ़ की राजनीति में रामपुर विधानसभा क्षेत्र के युवा विधायक पतिनिधि, सक्रिय कांग्रेस कार्यकर्ता प्रवीण ओगरे इन दिनों चर्चा के केंद्र में हैं। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा जिला कांग्रेस कमेटी कोरबा ग्रामीण की नई कार्यकारिणी को मंजूरी मिलने के साथ ही प्रवीण ओगरे को जिला महामंत्री की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। जैसे ही प्रवीण ओगरे के महामंत्री बनने की खबर सामने आई, रामपुर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। सोशल मीडिया से लेकर गांव-गांव तक उनके नाम की चर्चा तेज हो गई है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि संगठन में लंबे समय से सक्रिय रहने और जमीनी स्तर पर लोगों के बीच काम करने का परिणाम है कि पार्टी नेतृत्व ने उन पर भरोसा जताया है। प्रवीण ओगरे अपनी सक्रियता, मिलनसार स्वभाव और युवा नेतृत्व के लिए जाने जाते हैं। क्षेत्र के युवाओं के बीच उनकी खास पकड़ मानी जाती है और वे लगातार सामाजिक व राजनीतिक गतिविधियों में भागीदारी निभाते रहे हैं। यही वजह है कि उनकी नई जिम्मेदारी को संगठन में युवाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि प्रवीण ओगरे को मिली यह जिम्मेदारी न केवल उनके राजनीतिक सफर के लिए अहम साबित होगी, बल्कि रामपुर क्षेत्र में कांग्रेस संगठन को भी नई ऊर्जा देने का काम करेगी।