तिहरे हत्याकांड का खुलासा

तंत्र-मंत्र के नाम पर की गई तीन हत्याओं का पुलिस ने किया पर्दाफाश
5 लाख रुपये को 2 करोड़ 50 लाख रुपये करने का लालच देकर रची गई साजिश
उरगा | अपराध क्रमांक 544/2025 | धारा 103(1), 61(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS)


कोरबा, छत्तीसगढ़। तंत्र-मंत्र के नाम पर रुपये दोगुने करने के लालच में हुई तीन व्यक्तियों की नृशंस हत्या के सनसनीखेज मामले का कोरबा पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम कुदरी स्थित एक फार्म हाउस में हुए इस तिहरे हत्याकांड में मुख्य आरोपी तांत्रिक आशीष दास समेत कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
₹5 लाख को ₹2.5 करोड़ बनाने का झांसा
आज पत्रकारों से चर्चा करते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) नीतीश ठाकुर ने बताया कि तांत्रिक आशीष दास ने मृतक नितेश रात्रे, असरफ मेमन और सुरेश साहू को ₹5 लाख की रकम को तंत्र-मंत्र के माध्यम से ₹2.5 करोड़ बनाने का लालच दिया था। इसी झांसे में फंसाकर तीनों को 10 दिसंबर 2025 की रात ग्राम कुदरी स्थित असरफ मेमन के फार्म हाउस में बुलाया गया था।
खूनी खेल: कमरे के सुराख से रस्सी खींचकर नृशंस हत्या
एएसपी श्री ठाकुर ने बताया कि मुख्य आरोपी तांत्रिक आशीष दास अपने साथियों के साथ नायलॉन रस्सी और तंत्र-मंत्र की सामग्री लेकर फार्म हाउस पहुंचा था।
रकम: मृतक असरफ मेमन ₹4 लाख और सुरेश साहू ₹1 लाख की रकम तंत्र क्रिया के लिए लाए थे, कुल ₹5 लाख।
हत्या का तरीका: आरोपियों ने तीनों मृतकों को एक-एक कर तंत्र क्रिया के बहाने कमरे के भीतर बुलाया। इस कमरे की दीवार में प्लास्टर के लिए एक सुराख छोड़ा गया था, जिससे नायलॉन की रस्सी बाहर निकाली गई थी।
तांत्रिक आशीष ने पहले नितेश को अंदर बुलाया, हाथ में नारियल रखा और गले में रस्सी डालकर बाहर खड़े साथियों से रस्सी खींचने को कहा।
इसके बाद अशरफ और फिर सुरेश को इसी तरह अंदर बुलाया गया। बाहर खड़े सह-आरोपियों की मदद से नायलॉन रस्सी से गला घोंटकर (Ligature Strangulation) तीनों की नृशंस हत्या कर दी गई।
पुलिस को मिली सफलता और बरामदगी
परिजनों द्वारा तीनों को अस्पताल ले जाया गया था, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। एएसपी श्री ठाकुर ने बताया कि शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण ‘Ligature Strangulation’ (गला घोंटना) और मृत्यु की प्रकृति ‘Homicidal’ (हत्या) पाई गई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त नायलॉन रस्सी, तंत्र-मंत्र सामग्री, मोबाइल फोन, मोटरसाइकिल, स्कूटी, इनोवा कार और नगद ₹5 लाख रुपये बरामद किए हैं। विसरा को जांच के लिए भेज दिया गया है, और विस्तृत जांच जारी है।
उरगा थाना में अपराध क्रमांक 544/2025 धारा 103(1), 61(2), 3(5) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया गया है।
गिरफ्तार आरोपी भेजे गए जेल
पुलिस ने इस जघन्य हत्याकांड में शामिल निम्नलिखित छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया है:
क्र. आरोपी का नाम उम्र निवास स्थान

- आशीष दास (मुख्य आरोपी/तांत्रिक) 24 वर्ष कमल बिहार, बिलासपुर
- राजेन्द्र जोगी 75 वर्ष जरहाभांठा, बिलासपुर
- केशव सूर्यवंशी 55 वर्ष घुरू, गोकुलधाम, सकरी, बिलासपुर
- अश्वनी कुर्रे 42 वर्ष अमेरि, थाना सकरी, बिलासपुर
- संजय साहू उर्फ लव कुमार साहू 46 वर्ष मोदर, थाना सीपत, बिलासपुर
- भागवत प्रसाद 48 वर्ष मुकाम मुड़ापार बाजार, जांजगीर-चांपा


















