KORBA:-लकड़ी चोरी का खुलासा: पेड़ काटकर अभनपुर भेजी गई लकड़ी, आरा मिल सील, एफआईआर दर्ज
लकड़ी चोरी मामले का खुलासाः पेड़ों की कटाई के बाद लकड़ी अभनपुर भेजी, अपराध दर्ज, आरा मिल सील
कोरबा 19 जुलाई। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सरकारी अनुमति से काटे गए पेड़ों की लकड़ी को वन विभाग के डिपो में जमा कराने के बजाय चोरी-छिपे रायपुर जिले के अभनपुर स्थित एक आरा मिल भेजने का मामला सामने आया है। मामले का खुलासा होने के बाद वन विभाग की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। वहीं जांच के दौरान अभनपुर स्थित संबंधित आरा मिल में दबिश देकर लकड़ियां बरामद की गईं और मिल को सील कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार, परिक्षेत्र अधिकारी कुदमुरा (उत्पादन) विक्रांता सिंह कंवर ने सिविल लाइन थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 14 जुलाई 2026 की शाम कार्यपालन अभियंता तारामणी तिग्गा ने सूचना दी कि सीएसईबी कॉलोनी रामपुर स्थित जूनियर क्लब के पास काटे गए सात पेड़ों के लट्ठों को एक वाहन में लोड किया जा रहा है। मौके पर पहुंचने पर वाहन नहीं मिला।



