नगरदा वॉटरफॉल में कोरबा के युवक की पहाड़ से फिसलकर हुई मृत्यु
- एक सप्ताह में पिकनिक स्पॉट पर घटित हुई दूसरी घटना
कोरबा l कोरबा जिले से लगे सक्ती जिले के प्रसिद्ध नगरदा वॉटरफॉल में घटित एक हादसे में कोरबा जिले के एक युवक की मृत्यु हो गई। लगातार बारिश के कारण चट्टानों पर जमी काई के चलते युवक का पैर फिसल गया और वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़ा। हादसे में उसे गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। यह एक सप्ताह के भीतर सक्ती जिले के पिकनिक स्पॉट पर दूसरी घटित दुर्घटना है, जिसके बाद प्रशासन ने एक बार फिर लोगों से बारिश के मौसम में सतर्क रहने अपील की है।
मृतक की पहचान कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र के देवरमाल निवासी राहुल पटेल के रूप में की गयी हैं। जानकारी के अनुसार, वह अपने मित्रो के साथ नगरदा वॉटरफॉल घूमने और स्नान करने पहुंचा था। बारिश के कारण चट्टानों पर काई जम जाने से फिसलन काफी बढ़ गई थी। स्नान के दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और वह पहाड़ से नीचे जा गिरा। हादसे के तुरंत बाद उसके मित्रो ने उसे गंभीर हालत में चांपा के एक चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सालय पहुंचने पर चिकित्सको ने परीक्षण उपरांत उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और परिजनों को सूचना देकर पोस्टमार्टम की कार्यवाही पूरी कर शव उनके सुपुर्द कर दिया।
उक्त चिकित्सालय के चिकित्सक डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि पोस्टमार्टम में युवक के सिर में गंभीर चोट, फेफड़ों और लीवर को भारी नुकसान होने की पुष्टि पोस्टमार्टम में हुई है। चिकित्सको ने बताया की चोटें इतनी गंभीर थीं कि उसकी मृत्यु घटनास्थल पर ही हो चुकी थी।
बारिश के मौसम में नगरदा वॉटरफॉल समेत जिले के कई पिकनिक स्थलों पर बड़ी संख्या में लोग घूमने पहुंच रहे हैं। लगातार बारिश के कारण चट्टानों पर काई जमने से फिसलन बढ़ जाती है, जिससे हादसों का खतरा कई गुना बढ़ जाता है।
गौरतलब है कि इससे पहले सक्ती जिले के दमाऊधारा पिकनिक स्पॉट पर दुर्ग जिले के छावनी निवासी की गहरे पानी में डूबने से मौत हो चुकी है। एक सप्ताह के भीतर दो युवकों की मृत्यु ने पिकनिक स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था और लोगों की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस और जिला प्रशासन लगातार लोगों से अपील कर रहे हैं कि बारिश के मौसम में वॉटरफॉल, नदी और अन्य पिकनिक स्थलों पर विशेष सावधानी बरतें। प्रशासन ने लोगों से खतरनाक और फिसलन वाले स्थानों पर जाने से बचने, सुरक्षा निर्देशों का पालन करने और अपनी व अपने साथियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की है।



