KORBßA:-अडानी पावर प्लांट के श्रमिकों ने मोर्चा खोल प्रबंधन को सौंपा 10 सूत्रीय ज्ञापन


कोरबा l कोरबा-चांपा मार्ग में स्थित अडानी पावर प्लांट में कार्यरत श्रमिकों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और जायज मांगों को लेकर प्रबंधन के खिलाफ हुंकार भरी है। श्रमिकों ने एक लिखित मांग पत्र जारी कर स्पष्ट किया है कि यदि उनकी बुनियादी सुविधाओं और वेतन संबंधी विसंगतियों को दूर नहीं किया गया, तो वे अपने हितों की रक्षा के लिए बड़ा कदम उठाने को मजबूर होंगे।
श्रमिकों द्वारा सौंपे गए पत्र में मुख्य रूप से बोर्ड रेट के अनुसार भुगतान और कार्यस्थल पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल उठाए गए हैं। पत्र में उल्लेखित प्रमुख बिंदु अंतर्गत श्रमिकों की मांग है कि उन्हें कंपनी के निर्धारित ‘बोर्ड रेट’ के हिसाब से भुगतान किया जाए। साथ ही ओवर टाइम का पैसा डबल रेट से देने की मांग की गई है। प्लांट के भीतर काम करते समय किसी भी अप्रिय घटना या दुर्घटना की स्थिति में संपूर्ण इलाज और रिस्क कवर की जिम्मेदारी कंपनी प्रबंधन की होनी चाहिए। पत्र में महीने में 26 दिन की ड्यूटी सुनिश्चित करने और सभी राष्ट्रीय अवकाश पर सवैतनिक अवकाश देने की बात कही गई है। वेतन का भुगतान हर महीने की 1 से 7 तारीख के बीच अनिवार्य रूप से करने और पीएफ कटौती का पारदर्शी हिसाब देने की मांग की गई है।
जानकारी के अनुसार इतने बड़े पावर प्लांट में काम करने वाले मजदूरों ने पीने के साफ पानी और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी की शिकायत की है। श्रमिकों का कहना है कि कार्यस्थल पर इन सुविधाओं का न होना उनके स्वास्थ्य और गरिमा के साथ खिलवाड़ है।
