


KORßA:-उरगा-बिलासपुर मार्ग पर पुलिया के पास गहरा गड्ढा, हादसे की आशंका
कोरबा। उरगा से बिलासपुर जाने वाले मुख्य मार्ग पर हसदेव नदी पुल से करीब 50 मीटर पहले, कबीर आश्रम जाने वाले रास्ते के पास स्थित छोटी पुलिया के समीप बारिश के पानी से सड़क का हिस्सा कटकर गहरे गड्ढे में तब्दील हो गया है। यह स्थान ग्राम पंचायत कुदुरमल क्षेत्र में आता है। गड्ढा इतना गहरा हो गया है कि यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
बारिश के दौरान गड्ढे में पानी भर जाने से वाहन चालकों को इसकी गहराई का अंदाजा नहीं हो पाता, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ गया है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, समय रहते इसकी मरम्मत नहीं की गई तो किसी भी समय गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
क्षेत्रवासियों ने ग्राम पंचायत कुदुरमल एवं संबंधित विभाग से मौके का तत्काल निरीक्षण कर गड्ढे की मरम्मत कराने और सड़क को सुरक्षित बनाने की मांग की है, ताकि संभावित दुर्घटना को टाला जा सके।


