
14 अप्रैल को होगा झुंझुनूंवाले श्री बाबा गंगाराम कृपा महा उत्सव, श्रद्धालुओं में उत्स
कोरबा। राजस्थान के झुंझुनूं जिले में स्थित प्रसिद्ध झुंझुनूंवाले श्री बाबा गंगाराम मंदिर की आस्था देशभर में फैली हुई है। इसी आस्था को लेकर कोरबा में भी 14 अप्रैल (मंगलवार) को श्री बाबा गंगाराम कृपा महा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम 5:30 बजे से दीनदयाल मार्केट स्थित पीली कोठी में संपन्न होगा।
बाबा गंगाराम मंदिर को लेकर श्रद्धालुओं में गहरी मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना अवश्य पूर्ण होती है। दर्शन के बाद मंदिर की पवित्र ‘रज’ को प्रसाद स्वरूप ग्रहण किया जाता है, जिसे कलियुग में संजीवनी बूटी के समान माना जाता है और यह भक्तों के जीवन के कष्टों को दूर करने में सहायक मानी जाती है।
मंदिर में वर्षभर विभिन्न धार्मिक आयोजन होते हैं। श्रावण शुक्ल दशमी को बाबा का जन्मोत्सव, ज्येष्ठ शुक्ल दशमी को पाटोत्सव तथा वैशाख कृष्ण चतुर्थी को आशीर्वाद दिवस के अवसर पर भव्य मेले आयोजित किए जाते हैं, जिनमें दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं।
कोरबा में आयोजित होने वाले इस महा उत्सव को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। आयोजकों पवन अग्रवाल एवं संजय अग्रवाल (ऑटो सेंटर) ने सभी श्रद्धालुओं से सपरिवार उपस्थित होकर बाबा के श्रीचरणों में भक्ति, आशीर्वाद एवं मंगलमय वातावरण का लाभ लेने की अपील की है। उन्होंने इसे व्यक्तिगत निमंत्रण मानते हुए अधिक से अधिक लोगों से शामिल होने का आग्रह किया है।
श्रद्धालुओं का मानना है कि विष्णु अवतारी बाबा गंगाराम की कृपा से जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आते हैं और उनकी सच्ची आराधना करने वालों की हर मनोकामना पूर्ण होती है।
