नगर निगम महापौर श्रीमती राजपूत ने किया जलभराव क्षेत्रों का मैराथन दौरा
मौके पर कराई जल निकासी
जल की तत्काल निकासी एवं स्थिति पर सतत नजर रखने अधिकारियों को दिए निर्देश
कोरबा l कोरबा नगर निगम महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने शहर में भारी वर्षा के बीच निगम क्षेत्र के कोरबा, टी.पी. नगर, कोसाबाड़ी, रविशंकरनगर, बालको, दर्री, जोन अंतर्गत वार्ड एवं बस्तियों का सघन दौरा किया, उन्होंने वार्ड पार्षदों व अधिकारियों के साथ जल भराव क्षेत्रो का दौरा करते हुए जल भराव वाले क्षेत्र से पानी की तत्काल निकासी करने, वर्षा की स्थिति पर लगातार नजर रखते हुए जल भराव की समस्या से निपटने, सभी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
कोरबा शहर में गत दिवस से लगातार बारिश का क्रम जारी है, भारी वर्षा के परिणाम स्वरूप शहर में अनेक स्थानों पर जल भराव की समस्या से दो-चार होना पड़ रहा है। महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने सुबह से ही निगम क्षेत्र के कोरबा, टी.पी. नगर, कोसाबाडी, रविशंकर नगर, बाल्को व दर्री जोन अतर्गत विभिन्न बस्तियों व वार्डाे में जल भराव वाले क्षेत्रो का लगातार दौरा कर स्थित का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न जल भराव वाले क्षेत्र में जल की तत्काल निकासी किए जाने के निर्देश देने के साथ ही अनेक स्थलों पर मौके पर ही आवश्यक संसाधन व मशीनरी बुलाकर जल की निकासी कराई।
महापौर श्रीमती राजपूत ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे निगम अधिकारी कर्मचारियों की अपनी टीम व आवश्यक संसाधनों के साथ निगम क्षेत्र के सभी वार्ड बस्तियों में लगातार भ्रमण करें तथा भारी वर्षा से उत्पन्न जल भराव की स्थिति पर सतर्क नजर रखें , जहां कहीं पर भी जल भराव की स्थिति पैदा होती है वहाँ युद्ध स्तर पर कार्यवाही कर जल की निकासी कराए, ताकि आम नागरिकों को जल भराव की समस्या से त्वरित राहत पहुंचाई जा सके।
- जोनवार टीमें स्थिति पर रख रही नजर
नगर निगम महापौर श्रीमती संजूदेवी राजपूत व आयुक्त आशुतोष पांडेय के मार्गदर्शन में नगर निगम कोरबा की टीमें निगम के सभी जोन में लगातार भ्रमण करते हुए स्थिति पर नजर रख रही है तथा प्रभावित क्षेत्रों में जल भराव की समस्या के तुरंत समाधान के लिए पंपों के माध्यम से पानी की निकासी तथा अन्य संबंधित कार्य तेजी के साथ किये जा रहे हैं। नगर निगम प्रशासन ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे जल भराव वाले क्षेत्रों में अनावश्यक आवाजाही न करें तथा किसी भी आपातकालीन स्थिति की जानकारी तत्काल नगर निगम के अधिकारियों को दें ताकि जल निकासी के साथ ही आवश्यक राहत व बचाव कार्य त्वरित रूप से किया जा सके।



