अंधे कत्ल की सुलझी गुत्थी


- जंगल में मिली महिला की लाश का पुलिस ने किया खुलासा
- ख़ास मित्र निकला हत्यारा
- गला दबाकर की हत्या
कोरबा l कोरबा जिलान्तर्गत पसान थाना क्षेत्र के बहखाभर्रा जंगल में मिली अज्ञात महिला की लाश के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए कथित आरोपी उसके खास मित्र को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभ में संदिग्ध मौत के रूप में सामने आए इस मामले ने जांच के दौरान हत्या का रूप ले लिया, जिसमें मृतका के परिचित खास युवक को ही कथित आरोपी के रूप में गिरफ्तार किया हैं।
पुलिस के अनुसार सूचना मिलने पर बहखाभर्रा जंगल में एक महिला का शव अस्त-व्यस्त हालत में महुआ पेड़ के पास बरामद हुआ था। मामले में मर्ग कायम कर जांच प्रारंभ की गई। शिनाख्त के दौरान मृतका की पहचान कुम्हारीसानी निवासी जयकुंवर के रूप में की गयी हैं।
जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए, जिसमें सीसीटीवी फुटेज में मृतका को कथित आरोपी के साथ मोटरसाइकिल पर जाते हुए देखा गया। वहीं पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गला दबाना सामने आया, जिससे हत्या की पुष्टि हुई।
पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि वह मृतका को जंगल में ले गया था, जहां विवाद के दौरान गुस्से में आकर गला दबाकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेज दिया है। इस अंधे कत्ल की गुत्थी सुलझाने में थाना प्रभारी चन्द्रपाल खांडे के नेतृत्व में पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। टीम में सउनि राकेश सिंह, प्रधान आरक्षक उमेश दुबे, सुभाष राठौर, तथा आरक्षक विष्णु पाटले, डोमन मधुकर, कमल कैवर्त, चंदन यादव, दिलचन्द खूंटे और राहुल बघेल आदि शामिल रहे।
