KORßA:-पोड़ी उपरोड़ा जनपद कार्यालय का ताला खुला, लेकिन सदस्यों का धरना प्रदर्शन जारी; भ्रष्टाचार और तानाशाही के खिलाफ खोला मोर्चा


कोरबा।जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा में आज सुबह से चल रहा भारी हंगामा प्रशासनिक हस्तक्षेप के बाद आंशिक रूप से शांत हुआ है। भ्रष्टाचार और तानाशाही का आरोप लगाते हुए सामान्य सभा का बहिष्कार कर धरने पर बैठे जनपद सदस्यों द्वारा कार्यालय में की गई तालाबंदी को आखिरकार खोल दिया गया है। एसडीएम की समझाइश के बाद ताला तो खोल दिया गया, लेकिन नाराज सदस्य प्रशासन के आश्वासन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं और उनका धरना प्रदर्शन अभी भी जारी है।
दफ्तर के अंदर बंद कर्मचारियों ने ली राहत की सांस
सुबह जब नाराज जनपद सदस्यों ने उग्र रुख अपनाते हुए जनपद कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ दिया, तो दफ्तर के अंदर मौजूद अधिकारी और कर्मचारी भीतर ही बंधक बनकर रह गए। कई घंटों तक चली इस तालाबंदी के कारण प्रशासनिक कामकाज पूरी तरह ठप हो गया। बाद में जब ताला खोला गया, तब जाकर अंदर बंद कर्मचारियों और अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
मौके पर पहुंचे एसडीएम, सौंपा गया ज्ञापन
जनपद कार्यालय में तालाबंदी और भारी हंगामे की सूचना मिलते ही पोड़ी उपरोड़ा एसडीएम (SDM) दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आक्रोशित जनपद सदस्यों को शांत कराने का प्रयास किया और उन्हें समझाइश दी। इस दौरान प्रदर्शनकारी सदस्यों ने अपनी मांगों और शिकायतों को लेकर एसडीएम को एक ज्ञापन भी सौंपा।
आश्वासन से असंतुष्ट सदस्य, आंदोलन जारी रखने का ऐलान
हालांकि एसडीएम ने मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया, लेकिन आंदोलनकारी सदस्य उनके इस आश्वासन से संतुष्ट नजर नहीं आए। सदस्यों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस और धरातल पर कार्रवाई नहीं होती, उनका विरोध बंद नहीं होगा। उन्होंने स्पष्ट किया है कि भले ही कार्यालय का ताला खोल दिया गया है, लेकिन भ्रष्टाचार और तानाशाही के खिलाफ उनका धरना प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा।

