अडानी पावर प्लांट में चोरी की साजिश नाकाम-04 कथित आरोपी गिरफ्तार
- सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता एवं सीसीटीवी निगरानी से मिली महत्वपूर्ण मदद
- पुलिस की त्वरित कार्यवाही से चोरी की वारदात को अंजाम देने से पहले कथित आरोपी पकड़ाए
- कथित आरोपियों को न्यायालय में पेश कर भेजा गया न्यायिक रिमांड पर जेल
करना । कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक कोरबा के निर्देशन में जिले में अपराधों की रोकथाम, असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्यवाही एवं औद्योगिक संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने हेतु चलाए जा रहे “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के अंतर्गत थाना उरगा पुलिस द्वारा चोरी की बड़ी वारदात को विफल करते हुए 04 कथित आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। - सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था से पकड़ी गई संदिग्ध गतिविधि
18.06.2026 की रात्रि अडानी पावर प्लांट पताढ़ी परिसर में स्थापित सुरक्षा व्यवस्था एवं सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से कुछ संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियां दिखाई दीं। सुरक्षा कर्मियों द्वारा तत्काल सजगता दिखाते हुए संदिग्धों की निगरानी की गई तथा मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की गई। सुरक्षा कर्मियों की तत्परता एवं सीसीटीवी निगरानी के कारण चोरी की नीयत से प्लांट परिसर में अवैध रूप से प्रवेश करने वाले 04 कथित आरोपियों को रंगे हाथ पकड़ लिया गया। - पुलिस की त्वरित कार्यवाही से असफल हुई चोरी की योजना
घटना की सूचना प्राप्त होते ही थाना उरगा पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर उनको हिरासत में लिया गया। पूछताछ में कथित आरोपियों द्वारा चोरी करने के उद्देश्य से प्लांट परिसर में प्रवेश करना स्वीकार किया गया।
प्रकरण में थाना उरगा में अपराध क्रमांक 346/2026 धारा 331(4), 3(5) भारतीय न्याय संहिता के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। उनको विधिवत गिरफ्तार कर 18 जून को माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
औद्योगिक क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी एवं आम नागरिकों की सतर्कता अपराध नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा-सतर्क कोरबा” अभियान के माध्यम से अपराध रोकथाम एवं सुरक्षा व्यवस्था को और प्रभावी बनाने हेतु लगातार कार्यवाही की जा रही है।

