- ड्रिंक एंड ड्राइव पर यातायात जांजगीर पुलिस की सख्त कार्रवाई, दो दिनों में 17 वाहन चालक पकड़े गए
- सभी शराबी वाहन चालकों के वाहनों को जब्त किया गया, जिसे माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा
- सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने विशेष अभियान जारी पुलिस अधीक्षक श्री विजय कुमार पाण्डेय IPS के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात श्री उदयन बेहार के नेतृत्व में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से यातायात पुलिस द्वारा ड्रिंक एंड ड्राइव के विरुद्ध लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में विगत दो दिनों के दौरान जिले के विभिन्न स्थानों पर सघन वाहन जांच अभियान चलाते हुए शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 17 वाहन चालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई। विशेष अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध लगातार चालानी एवं वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। अभियान के दौरान शिवरीनारायण, अकलतरा, बम्हनीडीह, बिर्रा, चांपा, हाथनेवरा चौक एवं जांजगीर के पुटपुरा चौक सहित विभिन्न स्थानों पर विशेष चेकिंग की गई।
जांच के दौरान 17 वाहन चालक शराब के नशे में वाहन चलाते पाए गए, जिनके विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहनों को जब्त किया गया। सभी वाहन चालकों को नियमानुसार माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है। शराब पीकर वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं की संभावना कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा आगे भी जिले भर में ड्रिंक एंड ड्राइव के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। यातायात पुलिस की अपील
यातायात पुलिस जांजगीर-चांपा आम नागरिकों से अपील करती है कि शराब या अन्य नशीले पदार्थों का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। वाहन चलाते समय सभी यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट एवं सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सुरक्षित एवं दुर्घटनामुक्त यातायात व्यवस्था बनाने में पुलिस का सहयोग करें।
