बहुउद्देशीय मिनीमाता बांगो परियोजना माचाडोली का जलस्तर पुनः पहुंचा 91.12% तक
- खोला जा सकता हैं गेट
कोरबा । जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही भारी वर्षा के चलते बहुउद्देशीय मिनीमाता बांगो परियोजना माचाडोली का जलस्तर तेजी से पुनः बढ़ रहा है। गुरुवार 25 सितम्बर की शाम 6 बजे तक बांध का जलस्तर 358.17 मीटर पहुँच गया है, जबकि जलभराव क्षमता 91.12% दर्ज की गई।
जल संसाधन विभाग के अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया की यदि जलभराव 92% से अधिक होता है और आवक तेज बनी रहती है तो सुरक्षा कारणों से बहुउद्देशीय मिनीमाता बांगो परियोजना माचाडोली के जलद्वार (गेट) तीसरी बार खोले जा सकते हैं।
बांध से जल छोड़े जाने की स्थिति में हसदेव नदी व अन्य निचले क्षेत्रों में जलस्तर बढ़ सकता है। इसके चलते नदी किनारे बसे गांवों के निवासियों, खनिज खदानों, ठेकेदारों और औद्योगिक इकाइयों को सावधानी बरतने की अपील की गई है। जल संसाधन विभाग ने साफ किया है कि आकस्मिक बाढ़ से होने वाली किसी भी प्रकार की क्षति के लिए जल संसाधन विभाग जिम्मेदार नहीं होगा।
बाढ़ की संभावित चपेट में आने वाले गांवों में बांगो, चर्री, पोड़ी-उपरोड़ा, कोकोकनान, लेपुरा, दुनियाकछार, गाड़ाघाट, पथरा, छिंमरई, कष्हार, कलमीपारा, सिलयारीपारा, जुनापारा, तिलकेझुंड, दुमापारा, छिर्रीपारा, मछलीबारा, कोरियाचप, झाबू, नवागांव, तिलसामाटा, लोहतारा, कोड़िया, हमरार, झोरा, सिरकिबोड़ा सहित 30 से अधिक ग्राम शामिल हैं।
कार्यपालन अभियंता बहुउद्देशीय मिनीमाता बांगो परियोजना माचाडोली धर्मेंद्र नीखरा ने नागरिकों से सतर्क रहने और नदी किनारे अनावश्यक रूप से न जाने अपील की है।
