KORßA:-पाली में हत्या का खुलासा: पिता जेल, दो नाबालिग बेटे बाल संप्रेक्षण गृह भेजे गए
कोरबा। थाना पाली क्षेत्र के ग्राम जमनीमुड़ा में हुए कुशल सिंह कंवर हत्याकांड का पाली पुलिस ने त्वरित खुलासा कर दिया है। हत्या के आरोपी पिता नारायण सिंह पोर्ते (44 वर्ष) को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि वारदात में शामिल उसके दो नाबालिग बेटों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।
मामला अपराध क्र. 410/2026 धारा 103(1), 3(5) बीएनएस का है। घटना दिनांक 14 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6 से 7 बजे के बीच की है। पुलिस के अनुसार मृतक कुशल सिंह कंवर के साथ विवाद होने पर आरोपी नारायण पोर्ते और उसके दो बेटों ने ईंट से हमला कर उसके सिर और कनपटी पर गंभीर चोट पहुंचाई। घायल को 108 एंबुलेंस की मदद से शासकीय अस्पताल पाली लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के दिशा-निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कटघोरा और एसडीओपी कटघोरा विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पाली के नेतृत्व में टीम गठित कर त्वरित कार्रवाई की गई। घेराबंदी कर मुख्य आरोपी नारायण सिंह पोर्ते निवासी जमनीमुड़ा को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी को जेएमएफसी न्यायालय पाली में पेश कर उपजेल कटघोरा दाखिल कराया गया।
वहीं प्रकरण में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ के बाद किशोर न्याय बोर्ड कोरबा के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें बाल संप्रेक्षण गृह भेज दिया गया है।










