रजगामार विद्यालय परिसर में लगी आग-जांच में जुटी पुलिस
- आग से नल-जल योजना के पाइप जलकर हुए खाक
कोरबा । कोरबा जिलान्तर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रजगामार में देर शाम अचानक आग लग गई। जिसमे विद्यालय परिसर में रखे नल-जल योजना के प्लास्टिक पाइपों में भी आग पकड़ ली, जिससे विद्यालय में अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही आसपास के लोगों की नजर उस पर पड़ी और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने आग पर काबू पाने का प्रयास किया और तत्काल इसकी सूचना फायर ब्रिगेड तथा रजगामार पुलिस चौकी को दी। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया।
बताया जा रहा हैं की आग काफी तेज थी और पाइपों में अधिक मात्रा में प्लास्टिक होने के कारण आग और तेजी से फैल गयी। इस घटना में बड़ी संख्या में पाइप जलकर खाक हो गए, हालांकि कुछ पाइपों को ग्रामीणों की तत्परता से सुरक्षित निकाला जा सका।
चौकी प्रभारी ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। चूंकि यह घटना बरसात के मौसम में हुई है, इसलिए आग स्वतः लगने की संभावना कम मान पुलिस इसे संदिग्ध मानकर जांच कर रही है कि कहीं यह किसी साजिश का हिस्सा तो नहीं हैं।
उल्लेखनीय हैं कि ये पाइप नल-जल योजना के तहत रखे गए थे, जिन्हें आस-पास के ग्रामीण क्षेत्रों में जल आपूर्ति के लिए उपयोग किया जाना था। ऐसे में यह सवाल भी उठ रहा है कि आग लगने से किसे लाभ हो सकता है और क्या इससे किसी सरकारी योजना को बाधित करने का प्रयास किया गया है।
