

DMF, विधायक-सांसद मद से बनी 10 सीसी सड़कों की गुणवत्ता पर सवाल, भाजपा अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष ने मांगी कोर कटिंग जांच
कोरबा। जिले के विभिन्न ग्राम पंचायतों में DMF, विधायक मद एवं सांसद मद से कराए गए सीसी रोड निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठने लगे हैं। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के जिलाध्यक्ष कुल सिंह कंवर ने जनपद पंचायत कोरबा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र सौंपकर 10 सीसी रोड निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग की है।
10 अगस्त 2026 को दिए गए आवेदन में कुल सिंह कंवर ने उल्लेख किया है कि विभिन्न ग्राम पंचायतों में विधायक एवं सांसद मद सहित अन्य मदों से सीसी रोड निर्माण कार्य कराए गए हैं। शिकायत के अनुसार कुछ निर्माण कार्यों में निर्धारित मापदंड के अनुरूप गुणवत्ता और सड़क की मोटाई नहीं होने की आशंका है।
उन्होंने संबंधित निर्माण कार्यों की कोर कटिंग कराकर सड़क की वास्तविक मोटाई एवं गुणवत्ता की जांच कराने तथा जांच की पूरी प्रक्रिया शिकायतकर्ता के समक्ष कराने की मांग की है। आवेदन में जांच के बाद यदि निर्माण कार्य में अनियमितता पाई जाती है तो संबंधितों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की मांग भी की गई है।
इन 10 सीसी रोड कार्यों की जांच की मांग
आवेदन के साथ संलग्न सूची में निम्न निर्माण कार्य शामिल हैं—
ग्राम पंचायत बगबुड़ा — देवगुड़ी से तिलकेजा पहुंच मार्ग की ओर सीसी रोड निर्माण कार्य।
ग्राम पंचायत बगबुड़ा — मुख्य मार्ग से देवगुड़ी से सीसी रोड निर्माण कार्य।
ग्राम पंचायत कुकरीचोली — मुख्य मार्ग से श्मशान घाट की ओर सीसी रोड निर्माण कार्य।
ग्राम पंचायत बरवाडीह — नहर से घर की ओर सीसी रोड निर्माण कार्य।
ग्राम पंचायत बरवाडीह — बुचकार घर से हर प्रसाद घर और सीसी रोड निर्माण कार्य।
ग्राम पंचायत बरवाडीह — सीसी रोड निर्माण, दिलेश्वर खड़िया के घर से नियत घर तक।
ग्राम पंचायत कुसमुंडी — आश्रम छात्रावास सड़क की ओर सीसी रोड निर्माण कार्य।
ग्राम पंचायत बुंदेली — बुंदेली से मुनारा की ओर सीसी रोड निर्माण कार्य।
ग्राम पंचायत तिलकेजा — चंडीपारा सीसी रोड निर्माण कार्य, पुल से ललित घर की ओर।
ग्राम पंचायत तिलकेजा — सीसी रोड, पुराना जसपुरा से सत्यम चौक से घर की ओर।
भाजपा अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष ने संबंधित निर्माण कार्यों की स्थल जांच एवं कोर कटिंग के माध्यम से गुणवत्ता परीक्षण कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की है।



