
अपराध क्रमांक – 108/2026
धारा – 303(2), 324(4), 317(2), 3(5) बीएनएस, छत्तीसगढ़ विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 136-1(ए), 140, 137 लोक संपत्ति का नुकसानी का निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3
कोरबा। जिले में बिजली व्यवस्था को प्रभावित कर जनहित की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले विद्युत तार चोरी गिरोह के खिलाफ कोरबा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। थाना बांकीमोंगरा एवं साइबर पुलिस थाना की संयुक्त टीम ने चोरी किए गए विद्युत तार सहित घटना में प्रयुक्त सामग्री भी बरामद की है।
पूरे मामले का खुलासा दर्री सीएसपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान किया। उन्होंने बताया कि “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिले में अवैध गतिविधियों और चोरी की घटनाओं पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस को यह बड़ी सफलता मिली है। पुलिस के अनुसार, 12 और 13 मई 2026 की दरमियानी रात सिंघाली लोकहित क्षेत्र में अज्ञात चोरों द्वारा विद्युत पोल को क्षतिग्रस्त कर लगभग 3100 मीटर विद्युत तार चोरी कर लिया गया था। मामले की शिकायत छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी कटघोरा के सहायक अभियंता रंजीत पैकरा द्वारा थाना बांकीमोंगरा में दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 108/2026 के तहत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक कोरबा सिद्धार्थ तिवारी के निर्देशन एवं वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में गठित विशेष टीम ने तकनीकी साक्ष्य, मुखबिर सूचना और साइबर इनपुट के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कबाड़ी दुकान संचालक सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में मनोज कुमार साहू उर्फ मोनू निवासी राजीवनगर कटघोरा, विजयपाल कंवर निवासी अमरपुर सिंघाली, शेखर सिंह अगरिया निवासी सिंघाली बस्ती, अनुप कुमार चौहान निवासी सिंघाली बस्ती तथा मोहनलाल रोहिदास निवासी जवाली शामिल हैं। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल कोरबा भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया विद्युत तार, विद्युत खंभों में लगे लोहे के उपकरण एवं चैनल, एक मोबाइल फोन तथा एक सायकल बरामद की है। मामले में अन्य संलिप्त आरोपियों की तलाश अभी भी जारी है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में दर्री CSP ने कहा कि जनहित से जुड़ी विद्युत संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। कोरबा पुलिस ने कहा कि जिले में अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान आगे भी इसी तरह सख्ती के साथ जारी रहेगा।
गिरफ्तार आरोपीगण :
- मनोज कुमार साहू उर्फ मोनू, पिता स्व. ओमप्रकाश साहू, उम्र 33 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक-6 राजीवनगर, थाना कटघोरा, जिला कोरबा (छ.ग.)
(कबाड़ी दुकान संचालक) - विजयपाल कंवर, पिता मोहनपाल सिंह, उम्र 30 वर्ष, निवासी अमरपुर, सिंघाली, थाना कटघोरा, जिला कोरबा (छ.ग.)
- शेखर सिंह अगरिया, पिता एम. सिंह अगरिया, उम्र 28 वर्ष, निवासी सिंघाली बस्ती, थाना बांकीमोंगरा, जिला कोरबा (छ.ग.)
- अनुप कुमार चौहान, पिता परदेशी राम चौहान, उम्र 32 वर्ष, निवासी सिंघाली बस्ती, थाना बांकीमोंगरा, जिला कोरबा (छ.ग.)
- मोहनलाल रोहिदास पिता जागेश्वर राम रोहिदास उम्र 45 वर्ष निवासी जवाली थाना बाकीमोगरा कोरबा
गिरफ्तार आरोपियों को दिनांक 20.05.2026 को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जिला जेल कोरबा भेजा गया।
आरोपियों से बरामद मशरूका :
🔹चोरी किया गया विद्युत तार
🔹विद्युत खंभों में लगे लोहे के उपकरण/चैनल
🔹01 नग मोबाइल फोन
🔹01 नग सायकल
प्रकरण में अन्य संलिप्त आरोपियों की पतासाजी एवं विवेचना जारी है। कोरबा पुलिस द्वारा अपराधियों एवं असामाजिक तत्वों के विरुद्ध लगातार सख्त कार्यवाही जारी रहेगी।
कोरबा पुलिस का संदेश
🚨“सजग कोरबा, सतर्क कोरबा”
जन सुरक्षा, अपराध नियंत्रण एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश हेतु कोरबा पुलिस प्रतिबद्ध है।
