कोरबा: आयुष मेडिकल एसोसिएशन का चिकित्सक सम्मेलन, विशेषज्ञ बोले- स्वस्थ लिवर के लिए नशे से दूरी जरूरी
समाचार:
कोरबा। आयुष मेडिकल एसोसिएशन कोरबा एवं हिमालया फार्मा जेंड्रा डिवीजन बेंगलुरु के संयुक्त तत्वावधान में होटल श्री गणेश इन में यकृत रोग (लिवर डिसीज) पर केंद्रित संभाषा परिषद का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ आयुर्वेद प्रवर्तक भगवान धन्वंतरी के तैल चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम में हिमालया फार्मा के साइंटिफिक सर्विसेस मैनेजर डॉ. अंकित तिवारी ने यकृत रोग के कारण, लक्षण एवं उपचार पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने जिले में लिवर रोगों को लेकर निःशुल्क जांच, परामर्श एवं जनजागरूकता शिविर आयोजित करने का प्रस्ताव रखा, जिस पर एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
अध्यक्ष डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने कहा कि लिवर खराब होने का मुख्य कारण नशा, विशेषकर शराब का सेवन है। उन्होंने सभी चिकित्सकों से स्वयं नशे से दूर रहने और मरीजों को भी इसके प्रति जागरूक करने की अपील की।
इस अवसर पर एसोसिएशन के संरक्षक डॉ. उदय शर्मा, डॉ. जे.पी. चंद्रा, डॉ. अतुल धाबू, सचिव डॉ. राजीव गुप्ता, कोषाध्यक्ष डॉ. संजय वैष्णव सहित बड़ी संख्या में बीएएमएस चिकित्सक और हिमालया फार्मा के रीजनल मैनेजर रमेश गुप्ता, फार्मा सेल्स ऑफिसर कमल धारिया उपस्थित रहे।









