जिला पंचायत में सरपंच सम्मेलन सह प्रशिक्षण सम्पन्न, सीईओ ने पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का किया आह्वान
जिला पंचायत में सरपंच सम्मेलन सह प्रशिक्षण सम्पन्न
सीईओ ने योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने सरपंचों से किया आह्वान
कोरबा, 21 अगस्त 2026। जिला पंचायत के सभागार में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की योजनाओं की जानकारी एवं प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से सरपंच सम्मेलन सह प्रशिक्षण का आयोजन किया गया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री प्रतीक जैन ने कहा कि गांवों का विकास ही समग्र विकास की आधारशिला है। सरपंच शासन और ग्रामीणों के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं, इसलिए योजनाओं की जानकारी लेकर अधिक से अधिक पात्र हितग्राहियों तक उनका लाभ पहुंचाएं।
उन्होंने विकसित भारत- जी राम जी योजना के तहत अधोसंरचना निर्माण के कार्यों – बालिका शौचालय, मुक्तिधाम निर्माण, बोरवेल आदि के लिए ग्राम सभा में कार्ययोजना तैयार करने तथा 60:40 के निर्धारित अनुपात को बनाए रखने के लिए निर्माण कार्यों के साथ मिट्टी मूलक कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण में पात्रता का निर्धारण ग्राम सभा के माध्यम से होता है और पीएम जनमन आवासों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने के लिए प्रेरित किया।
सीईओ श्री जैन ने महिलाओं को एनआरएलएम के स्व-सहायता समूहों एवं आजीविका गतिविधियों से जोड़ने, स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्रे-वाटर प्रबंधन एवं कचरा संग्रहण को प्रभावी बनाने तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में आकर्षक एवं एकरूप रंग-रोगन के साथ आवश्यक सुविधाएं पूर्ण कराने पर जोर दिया। उन्होंने प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना, अभिसरण से विकास कार्यों तथा ग्राम पंचायतों की आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित करने के लिए भी सरपंचों को प्रोत्साहित किया।
प्रशिक्षण का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों की क्षमता वृद्धि, ग्रामीण रोजगार, कौशल विकास, स्वरोजगार एवं आजीविका गतिविधियों को बढ़ावा देना था। प्रशिक्षण में उपसंचालक पंचायत मिथलेश किसान सहित जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा के सरपंच उपस्थित रहे। इससे पूर्व जनपद पंचायत कोरबा, करतला, कटघोरा एवं पाली के सरपंचों का प्रशिक्षण भी सम्पन्न हो चुका है।









