


मिट्टी और मलबे में फंसी बस और कार, SECL-पुलिस की मशक्कत के बाद कनबेरी मार्ग पूरी तरह बहाल
कोरबा। तेज बारिश के बीच सर्वमंगला-कनबेरी मार्ग पर पुनर्वास कार्य के लिए डंप की गई मिट्टी का बड़ा हिस्सा बारिश के पानी के साथ सड़क पर आ गया। बड़ी मात्रा में मिट्टी और मलबा जमा होने से मार्ग पर यातायात बाधित हो गया और कोरबा से बिलासपुर जा रही एक यात्री बस तथा एक कार मलबे में फंस गई।
वाहनों के फंसने से मौके पर अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। यात्रियों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। सूचना मिलते ही SECL के कर्मचारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मशीनों की मदद से सड़क पर जमा मिट्टी एवं मलबे को हटाने का काम शुरू किया गया।
काफी मशक्कत के बाद सड़क से पूरा मलबा हटाया गया और फंसे वाहनों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद कनबेरी मार्ग को पूरी तरह साफ कर यातायात व्यवस्था बहाल कर दी गई। मार्ग पर वाहनों की आवाजाही सामान्य रूप से शुरू हो गई।
तेज बारिश के कारण कनबेरी मार्ग पर मिट्टी के बहाव की इस घटना ने सड़क किनारे डंप की गई मिट्टी की सुरक्षा व्यवस्था और जल निकासी को लेकर भी सवाल खड़े किए हैं। हालांकि, पुलिस और संबंधित अमले की तत्परता से मलबा हटाकर मार्ग को पूरी तरह आवागमन के लिए खोल दिया गया।
फिलहाल कनबेरी मार्ग पर यातायात पूरी तरह सामान्य है और वाहनों की आवाजाही सुचारू रूप से जारी है।









