विष्णु भैया के साथ से बहनों के सपनों को मिली नई उड़ान
मेहनत की बाड़ी से समृद्धि की राह, श्रीमती अंजना भगत बनीं लखपति दीदी
बिहान से जुड़कर ड्रिप विधि से सब्जी उत्पादन को बनाया आय का जरिया, सालाना 1.50 लाख रुपये की आय
कोरबा 29 अगस्त 2026/ कभी गांव की सीमित जमीन सिर्फ घरेलू जरूरतों तक सीमित रहती थी, लेकिन जब मेहनत को सही दिशा और अवसर मिला तो वही बाड़ी परिवार की आर्थिक समृद्धि का जरिया बन गई। कोरबा जिले के ग्राम बेला की श्रीमती अंजना भगत ने अपनी मेहनत, सीखने की लगन और स्व सहायता समूह से मिले सहयोग के बल पर सब्जी उत्पादन को आजीविका का मजबूत साधन बनाया है। उनकी सफलता का सफर अब उन्हें ‘लखपति दीदी’ की पहचान तक ले आया है।
श्रीमती अंजना भगत वर्ष 2017 से बिहान से जुड़ी हुई हैं और ‘सहेली स्व सहायता समूह’ की सदस्य हैं। समूह में कुल 13 महिलाएं शामिल हैं। समूह से जुड़ने के बाद वे पारंपरिक तरीके से आगे बढ़ते हुए सब्जी उत्पादन में ड्रिप विधि को अपनाया। उन्होंने अपनी बाड़ी में बरबट्टी, लौकी और दोड़का जैसी सब्जियों की खेती शुरू की। ड्रिप विधि से खेती करने से बाड़ी में सब्जियों की देखभाल व्यवस्थित तरीके से होने लगी। वें नियमित रूप से फसल की देखरेख करती हैं और तैयार सब्जियों को स्थानीय बाजार में बेचकर आय अर्जित करती हैं। धीरे-धीरे सब्जी उत्पादन उनके परिवार की आमदनी का महत्वपूर्ण माध्यम बन गया।
श्रीमती भगत की मेहनत का परिणाम आज उनकी आय में साफ दिखाई देता है। सब्जी उत्पादन और आजीविका गतिविधियों से उनकी वार्षिक आय लगभग 1.50 लाख रुपये तक पहुंच गई है। आर्थिक रूप से सशक्त बनने के साथ उन्होंने ‘लखपति दीदी’ बनने का गौरव हासिल किया है।
उन्होंने बताया कि बिहान से जुड़ना उनके लिए बदलाव की शुरुआत रहा। स्व सहायता समूह के माध्यम से उन्हें आगे बढ़ने का हौसला मिला और अपनी मेहनत को स्वरोजगार से जोड़ने का अवसर मिला। आज उनकी बाड़ी में लहलहाती सब्जियां केवल फसल नहीं, बल्कि आत्मनिर्भरता और बेहतर भविष्य की उम्मीद का प्रतीक हैं।
उनकी सफलता यह दर्शाती है कि गांव की महिलाएं जब समूह की शक्ति और अपनी मेहनत को साथ लेकर आगे बढ़ती हैं, तो आत्मनिर्भरता का सपना हकीकत बन सकता है। उनकी उपलब्धि गांव की अन्य महिलाओं को भी आजीविका के नए अवसर अपनाने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने के लिए प्रेरित कर रही है।
अपनी इस उपलब्धि के लिए उन्होंने ‘विष्णु भैया’ के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए भैया द्वारा किए जा रहे प्रयासों से ग्रामीण महिलाओं को नई दिशा और अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि विष्णु भैया के नेतृत्व में महिलाओं की मेहनत को सम्मान और आत्मनिर्भरता की नई पहचान मिल रही है।









