KORßA:-सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता आयोजित, विद्यार्थियों ने दिखाया उत्साह
सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन
कोरबा। सड़क सुरक्षा के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने एवं यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इससे पूर्व 8 अगस्त को विद्यालय स्तर तथा 22 अगस्त को विकासखंड स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित की गई थी। चयनित विद्यार्थियों के लिए 29 अगस्त 2026 को जिला स्तरीय क्विज प्रतियोगिता का आयोजन कलेक्ट्रेट सभागार में किया गया।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों से यातायात नियमों, सड़क सुरक्षा, यातायात संकेतों एवं सुरक्षित आवागमन से संबंधित प्रश्न पूछे गए। विभिन्न चरणों में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की और अपने ज्ञान एवं जागरूकता का प्रदर्शन किया।
बालिका वर्ग में सेजेस पाली की विभूति ताम्रकार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सेजेस कटघोरा की सौम्या जायसवाल द्वितीय तथा सेजेस बालको की सावित्री ने तृतीय स्थान हासिल किया।
वहीं बालक वर्ग में जवाली के रितेश अनंत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सेंदरीपाली के जितेश ने द्वितीय तथा दादरखुर्द के खगेश ने तृतीय स्थान हासिल किया।
जिला शिक्षा अधिकारी ने दिलाया सड़क सुरक्षा का संदेश
कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी ताम्रेश्वर उपाध्याय ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने के साथ-साथ अपने परिवार और समाज के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करना चाहिए। उन्होंने हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, यातायात संकेतों का पालन तथा निर्धारित गति से वाहन चलाने को जीवन की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
जिला नोडल अधिकारी फरहाना अली ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा का दूत बनने का संदेश देते हुए कहा कि सड़क सुरक्षा जागरूकता केवल किसी एक कार्यक्रम तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक व्यवहार का हिस्सा बनाना जरूरी है। जागरूक विद्यार्थी अपने आसपास के लोगों को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।
कार्यक्रम में विभागीय राउंड सहित विभिन्न चरणों में विद्यार्थियों के ज्ञान एवं जागरूकता की परीक्षा ली गई। इस दौरान श्री वल्लभ वैष्णव, जिला मिशन समन्वयक समग्र शिक्षा कोरबा, श्री सत्यानंद जांगड़े वरिष्ठ लिपिक, जिला परिवहन कार्यालय कोरबा सहित श्री चंद्रेश दूबे एपीसी, श्री पवन मानिकपुरी एपीसी, श्रीमती तनुजिया देवांगन, श्रीमती सपना द्विवेदी, श्रीमती सुमन मिश्रा, व्याख्याता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती नीलम शर्मा ने किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक कर उन्हें जिम्मेदार एवं सजग नागरिक बनाना रहा।









