KORBA:-विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: महापौर संजू देवी राजपूत……पोड़ीबहार नाला निर्माण की गुणवत्ता परखने कोर कटिंग के निर्देश
पोड़ीबहार नाला निर्माण की गुणवत्ता परखने कोर कटिंग के निर्देश
कोरबा। नगर निगम कोरबा में चल रहे विकास कार्यों की गुणवत्ता को लेकर महापौर संजू देवी राजपूत ने कड़ा रुख अपनाया है। शुक्रवार को उन्होंने कोसाबाड़ी जोन के विभिन्न वार्डों में निर्माणाधीन कार्यों का सघन निरीक्षण किया और अधिकारियों से प्रगति, गुणवत्ता व तकनीकी मानकों की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान पोड़ीबहार में बन रहे नाला निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठने पर महापौर ने अधिकारियों को गुणवत्ता परीक्षण और कोर कटिंग कराने के निर्देश दिए।
महापौर ने दो टूक कहा कि विकास कार्यों में किसी भी तरह की लापरवाही, घटिया निर्माण और अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गुणवत्ता से समझौता करने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई होगी और लापरवाह अधिकारियों की भी जवाबदेही तय की जाएगी।
उन्होंने कहा कि फाइलों में विकास और जमीन पर अधूरे काम अब नहीं चलेंगे। स्वीकृत कार्यों को तत्काल शुरू कराया जाए और धीमी गति वाले कार्यों में तेजी लाकर समय-सीमा में पूरा किया जाए।
ठेकेदारों को चेतावनी देते हुए महापौर ने कहा – काम लेना आसान है, लेकिन गुणवत्ता के साथ पूरा करना अनिवार्य है। मानकों के अनुरूप काम नहीं मिला तो सिर्फ नोटिस देकर मामला खत्म नहीं होगा, कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान जोन कमिश्नर एन.के. नाथ, सहायक अभियंता पीयूष राजपूत, उप अभियंता अश्वनी दास सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी और वार्डवासी मौजूद रहे।









