विधायक फूलसिंह राठिया ने कलेक्टर को पत्र लिखकर चक्काजाम की दी चेतावनी, 308 प्रभावित कृषक परिवारों का मामला उठाया


कोरबा। रामपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक फूलसिंह राठिया ने ग्राम गोढ़ी एवं पण्डरीपानी में भू-अर्जन से प्रभावित परिवारों को स्थायी नौकरी नहीं मिलने का मामला उठाते हुए कलेक्टर कोरबा को पत्र लिखा है। डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ताप विद्युत गृह बुधवारी (CSEB) द्वारा वर्ष 2007 में ग्राम गोढ़ी, पण्डरीपानी में राखड़ बांध निर्माण हेतु भू-अर्जन किया गया था। भू-अर्जन के एवज में तत्कालीन मुख्यमंत्री द्वारा दिनांक 29.11.2010 को घोषणा की गई थी कि सभी 308 भूविस्थापित कृषक परिवारों के एक-एक सदस्य को छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत उत्पादन कंपनी में नौकरी प्रदान की जाएगी।
भूविस्थापितों का आरोप है कि घोषणा के अनुरूप अधिकांश परिवारों को नौकरी दी जा चुकी है, लेकिन अब भी कई भूविस्थापित परिवार नौकरी से वंचित हैं। वंचित भूविस्थापितों द्वारा नौकरी के समस्त दस्तावेज कार्यालय में जमा किए जा चुके हैं।
आरोप है कि कंपनी द्वारा अब बचे हुए भूविस्थापितों को 3 वर्ष की समयावधि एवं अधिक शर्तों के साथ संविदा नौकरी दी जा रही है, जो सरासर गलत है। इस संबंध में भूविस्थापितों द्वारा कई बार CSEB कार्यालय एवं कलेक्टोरेट में आवेदन देकर अवगत कराया गया है, लेकिन एसडीएम, तहसीलदार एवं विभागीय अधिकारियों द्वारा केवल झूठे आश्वासन देकर समन्वय बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
इसी को लेकर भूविस्थापितों ने शासन-प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि 20 दिवस के भीतर बचे हुए सभी भूविस्थापितों को स्थाई नौकरी नहीं दी गई, तो दिनांक 28.10.2026 को गोढ़ी डेम को बंद कराकर नकटीखार से बरबसपुर मुख्य मार्ग पर मांग पूरी होने तक चक्काजाम किया जाएगा। जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी शासन-प्रशासन एवं संबंधित विभाग की होगी।









