KORBA: मनोकामना ज्योति कलशों से जगमगा रहा मां सर्वमंगला धाम, महासप्तमी पर कालरात्रि स्वरूप में छप्पन भोग अर्पित
कोरबा। ऊर्जाधनी कोरबा की आराध्य देवी मां श्री सर्वमंगला देवी मंदिर दुरपा में शारदीय नवरात्रि की महासप्तमी पर आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। शनिवार को मां कालरात्रि स्वरूपा मां सर्वमंगला के दर्शन के लिए अलसुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर से लेकर मुख्य सड़क तक लंबी कतार लगी रही। भक्त शांतिपूर्ण और अनुशासित तरीके से अपनी बारी का इंतजार कर मां के दर्शन करते रहे।
प्रबंधन द्वारा परिसर में शेड लगवाए जाने से भक्तों को तेज धूप और गर्मी से राहत मिली। श्रद्धालु प्रसन्नचित होकर कतार में खड़े रहे। देर शाम तक मंदिर में दर्शनार्थियों की भीड़ लगी रही। जितने भक्त लाइन में थे, उससे अधिक भक्त परिसर में भोग प्रसाद ग्रहण करते देखे गए।
महासप्तमी पर मां को छप्पन भोग अर्पित
महासप्तमी के अवसर पर मां श्री सर्वमंगला देवी को छप्पन भोग अर्पण किया गया। सप्तमी तिथि मां कालरात्रि की होती है, इसलिए इस दिन मां सर्वमंगला की पूजा कालरात्रि स्वरूप में की गई। मां कालरात्रि को गुड़ और फल अति प्रिय हैं, इसलिए पंडितों द्वारा छप्पन भोग में गुड़ और फल विशेष रूप से शामिल किए गए।
मंदिर के प्रबंधक एवं राजपुरोहित नमन पाण्डेय (नन्हा महाराज) ने बताया कि मां कालरात्रि की पूजा उपासना से विजय की प्राप्ति होती है। भक्तों ने जीवन में सफलता और विजय के लिए मां सर्वमंगला की आराधना की।
12000 ज्योति कलशों से जगमगा रहा दरबार
शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन मां के दरबार में लगभग 12000 मनोकामना ज्योति कलश प्रज्ज्वलित किए गए। विद्वान आचार्यों की उपस्थिति में राजपुरोहित नमन पाण्डेय ने सपत्नीक शुभ मुहूर्त में ज्योति कलशों को प्रज्ज्वलित किया। इनमें करीब 10900 तेल ज्योति कलश और 1100 घी ज्योति कलश शामिल हैं। ज्योति कलशों की दिव्य रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा है।
नमन पाण्डेय ने बताया कि नवरात्रि के प्रथम दिन घट स्थापना के बाद मां शैलपुत्री की पूजा कर कोरबा, छत्तीसगढ़ सहित विश्व कल्याण के लिए मां से आशीर्वाद मांगा गया। हसदेव नदी के तट पर विराजमान मां के दरबार में ज्योति कलशों की लालिमा और जयकारों से भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, रोज महाआरती और भंडारा
नवरात्रि पर भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कुसमुंडा थाना और सर्वमंगला चौकी के जवान तैनात हैं। चौकी प्रभारी विभव तिवारी टीम के साथ लगातार गश्त कर रहे हैं।
मंदिर में रोजाना सुबह और शाम 7 बजे महाआरती होती है। वहीं दोपहर 12 बजे से भोग भंडारा प्रारंभ होता है। सबसे पहले मां को छप्पन भोग अर्पित किया जाता है, उसके बाद दर्शन करने आई कन्याओं को उपहार देकर भोजन कराया जाता है, फिर आम भक्तों के लिए भंडारा शुरू होता है।
श्री गणेशाय: नमः छत्तीसगढ़ की खबरें प्राथमिकता से प्रकाशित की जाती हैं, जिसमें जनहित की सूचनाएं, समसामयिक घटनाओं पर आधारित खबरें प्रकाशित की जाती हैं। साइट के कुछ तत्वों में उपयोगकर्ताओं द्वारा प्रस्तुत सामग्री (समाचार / फोटो / वीडियो आदि) शामिल होगी।
SHIKHARKESRI.COM इस तरह के सामग्रियों के लिए कोई ज़िम्मेदार नहीं स्वीकार करता है। साइट में प्रकाशित ऐसी सामग्री के लिए संवाददाता खबर देने वाला स्वयं जिम्मेदार होगा, इसके लिए SHIKHARKESRI.COM या उसके स्वामी, मुद्रक, प्रकाशक, संपादक की कोई भी ज़िम्मेदारी नहीं होगी।