कोरबा में दिल दहलाने वाली वारदात: राशन लेने निकली 7 साल की बच्ची 3 दिन बाद झाड़ियों में मृत मिला शव, जांच में जुटी पुलिस
कोरबा में 7 साल की बच्ची की संदिग्ध मौत, 3 दिन बाद झाड़ियों में मिला शव; जांच में जुटी पुलिस
कोरबा। जिले के रजगामार क्षेत्र में तीन दिन से लापता 7 साल की बच्ची का शव गुरुवार को मिला है। बच्ची का शव करीम पोल्ट्री फार्म के पीछे झाड़ियों में मिला।
बताया जा रहा है कि बच्ची 19 अक्टूबर को घर के पास स्थित राशन दुकान से सामान लेने निकली थी, जिसके बाद वह घर वापस नहीं लौटी। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की थी।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले, डॉग स्क्वायड की मदद ली और आसपास के लोगों से पूछताछ भी की, लेकिन दो दिन तक कोई सुराग नहीं मिला। गुरुवार को शव मिलने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है।
पुलिस को प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है, जिसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।










