KORBA: शरद पूर्णिमा पर परशुराम भवन में श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता, में प्रतिभागियों ने बांधा समां, पंडित शिवराज शर्मा के भजनों से राममय हुआ माहौल
कोरबा। मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति, कोरबा एवं मारवाड़ी ब्राह्मण महिला मंडल, कोरबा के संयुक्त तत्वावधान में शरद पूर्णिमा के पावन अवसर पर परशुराम भवन, दुरपा रोड में श्रीरामचरितमानस चौपाई प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया।
शरदोत्सव के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने श्रीरामचरितमानस की चौपाइयों का सस्वर वाचन और भावपूर्ण व्याख्यान कर समां बांध दिया। भक्ति, संगीत और भारतीय संस्कृति से ओत-प्रोत इस आयोजन में समाजजनों ने प्रतिभागियों की प्रस्तुतियों की मुक्तकंठ से सराहना की।
प्रतियोगिता में श्रीमती अंशु शर्मा ने “निर्मल मन जन सो मोहि पावा…” चौपाई से निष्कपट भक्ति का संदेश दिया। मास्टर हर्ष नारायण शर्मा ने “गगन चढ़इ रज पवन प्रसंगा…” चौपाई से संगति के प्रभाव को रेखांकित किया। श्रीमती प्रतिभा शर्मा ने “बड़े भाग मानुष तनु पावा…” से मानव जीवन की महत्ता बताई। श्रीमती उर्मिला शर्मा ने “प्रातकाल उठि कै रघुनाथा…” का वाचन कर माता-पिता व गुरु के प्रति आदर का भाव व्यक्त किया। श्रीमती ममता शर्मा ने “बिनु सत्संग विवेक न होई…” तथा श्रीमती ममता ललित शर्मा ने “तात स्वर्ग अपबर्ग सुख…” दोहे के माध्यम से सत्संग की महिमा का वर्णन किया।
कार्यक्रम में राज्यपाल पुरस्कार से सम्मानित, श्रेष्ठ शिक्षक एवं सुप्रसिद्ध मानस गायक पंडित शिवराज शर्मा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। उन्होंने अपनी संगीतमयी मानस प्रस्तुति और सुमधुर भजनों से पूरे परशुराम भवन को राममय कर दिया।
इस अवसर पर मारवाड़ी ब्राह्मण विकास समिति के अध्यक्ष कैलाश शर्मा ने पंडित शिवराज शर्मा को पुष्पहार, शाल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम संयोजक डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और मानस के जीवन-दर्शन से जोड़ना है।
अध्यक्ष कैलाश शर्मा और महिला मंडल की अध्यक्षा श्रीमती रेणु पुजारी ने सभी प्रतिभागियों व सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में आरती और प्रसाद वितरण के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।



