‘‘आदि कर्मयोगी अभियान’’ बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ पवन सिंह रहे मुख्य अतिथि…
- शिक्षा और आत्मनिर्भरता पर हुआ मंथन
कोरबा । कलेक्ट्रेट सभा कक्ष में आदिवासी विकास विभाग द्वारा ‘‘आदि कर्मयोगी अभियान’’ अंतर्गत एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में जिला पंचायत कोरबा के अध्यक्ष पवन कुमार सिंह शामिल हुए।
उक्त बैठक में सहायक आयुक्त श्रीकांत कसेर, जिला शिक्षा अधिकारी श्री उपाध्याय तथा दिल्ली से पधारे श्री गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। जिले के सभी ब्लॉक से आए मास्टर ट्रेनर भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
उक्त कार्यक्रम का उद्देश्य अभियान से संबंधित दिशा-निर्देशों का आदान-प्रदान करना और शैक्षिक गतिविधियों को सुदृढ़ बनाने के लिए सामूहिक रणनीति तैयार करना रहा। मुख्य अतिथि डॉ पवन कुमार सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि “आदिवासी समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा सबसे प्रभावी साधन है और ‘‘आदि कर्मयोगी अभियान’’ इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।”
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान के माध्यम से आदिवासी समाज में शिक्षा, जागरूकता और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा दिया जाएगा। साथ ही, विभागीय योजनाओं की समीक्षा कर ब्लॉक स्तर पर उनके क्रियान्वयन की चुनौतियों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।
अंत में अधिकारियों एवं अतिथियों ने सभी मास्टर ट्रेनरों से आह्वान किया कि वे अभियान की सफलता के लिए समर्पण भाव से कार्य करें और समाज के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने में योगदान दें।
