अंचल के आस्था स्थल भवानी मंदिर परिसर में बाल रूप रामलला की प्रतिमा की हुई स्थापना एवं रामचरितमानस का हुआ लोकार्पण
- संत रामभद्राचार्य के सान्निध्य में उमड़ा भक्तिभाव
कोरबा । कोरबा जिले के कोहड़िया क्षेत्र स्थित आस्था स्थल भवानी मंदिर परिसर एक दिव्य एवं ऐतिहासिक आयोजन का साक्षी बना। इस पावन अवसर पर पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक, पार्षद नरेंद्र देवांगन, भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
उक्त आयोजित कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण मां कौशल्या की गोद में विराजमान बाल रूप रामलला की प्रतिमा की स्थापना और संगमरमर पर अंकित सम्पूर्ण रामचरितमानस के दिव्य स्वरूप का लोकार्पण रहा। यह आयोजन रामभक्ति, भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का जीवंत प्रतीक बन गया।
इस अवसर पर पद्मविभूषण संत जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज का पावन सान्निध्य प्राप्त हुआ।
उन्होंने अपनी अमृतमयी वाणी से रामकथा का रसपान कराते हुए श्रद्धालुओ को धर्म, भक्ति और संस्कार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया। संत जगद्गुरु रामभद्राचार्य महाराज के आशीर्वचन से उपस्थित श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।
आयोजन के अंतर्गत भव्य आरती का आयोजन किया गया, जिसमें पूरा परिसर ‘जय श्रीराम’ के उद्घोष से गूंज उठा। कार्यक्रम में मुकुंद सिंह कंवर, भूपेंद्र साहू, दीपक यादव, रामकुमार राठौर सहित अनेक गणमान्य जन मौजूद रहे।
