कलेक्टर दुदावत ने अवैध रेत,एवं अन्य खनिजों के अवैध उत्खनन पर कड़ी कार्यवाही करें
कोरबा, 10 फरवरी 2026/ कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आज आयोजित समय-सीमा की जिला स्तरीय टास्क फोर्स समिति की बैठक में कलेक्टर दुदावत ने अवैध रेत, कोयला एवं अन्य खनिजों के उत्खनन को रोकने के लिए प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध उत्खनन में लगे वाहनों को जब्त कर विधिक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने रेतघाटों के सीमांकन, सीमा चिन्हित करने, बोर्ड लगाने, वाहनों की निगरानी के निर्देश दिए। कलेक्टर ने एसडीएम को संयुक्त दल बनाकर प्रभावी कार्रवाई करने कहा।
पीएम सूर्यघर योजना में प्रगति नहीं होने पर सब इंजीनियर को नोटिस जारी करने के निर्देश
पीएम सूर्यघर योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने विद्युत विभाग को प्रगति लाने तथा ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में इच्छुक हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लक्ष्य के अनुरूप प्रगति नहीं लाने वाले कटघोरा डिवीजन के चैतमा तथा कोरबा शहरी डिवीजन के दर्री जोन के सब इंजीनियरों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही हितग्राहियों को योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित करने कहा।
