छत्तीसगढ़ राज्य बजट 2026
खेल क्षेत्र हेतु प्रतिक्रिया
तारकेश मिश्रा
संस्थापक एवं कार्यकारी अध्यक्ष राज्य किकबॉक्सिंग संघ, छत्तीसगढ़
“छत्तीसगढ़ राज्य सरकार द्वारा बजट सत्र 2026–27 में खेल एवं युवा कल्याण विभाग के लिए किए गए व्यापक प्रावधानों का हम हार्दिक स्वागत करते हैं। यह बजट स्पष्ट रूप से दर्शाता है कि राज्य सरकार खेलों को केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रखकर उन्हें युवा सशक्तिकरण और प्रदेश के समग्र विकास का माध्यम बना रही है।
खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, मूलभूत खेल अधोसंरचना के विकास, खेल प्रशिक्षण भवन निर्माण, खेल अकादमियों के सुदृढ़ीकरण तथा खिलाड़ियों के प्रोत्साहन के लिए किए गए प्रावधान अत्यंत सराहनीय हैं। विशेष रूप से खेल संघों एवं विभिन्न खेल संस्थाओं को दिए जाने वाले अनुदान से जमीनी स्तर पर खेल गतिविधियों को मजबूती मिलेगी और राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर संसाधन उपलब्ध होंगे।
महिला खेल प्रतियोगिताओं के लिए अलग प्रावधान, राज्य खेल महोत्सव, राष्ट्रीय खेलों में सहभागिता, अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए समर्थन, तथा मुख्यमंत्री खेल प्रोत्साहन मिशन जैसे कदम युवाओं में नई ऊर्जा का संचार करेंगे।
बस्तर ओलंपिक, सरगुजा ओलंपिक तथा अन्य क्षेत्रीय आयोजनों के माध्यम से ग्रामीण एवं आदिवासी अंचलों की प्रतिभाओं को मंच प्रदान करना एक दूरदर्शी पहल है। इससे खेल प्रतिभाओं की पहचान और चयन की प्रक्रिया मजबूत होगी तथा राज्य स्तर से राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का मार्ग और सुगम बनेगा।
किकबॉक्सिंग जैसे उभरते खेलों को भी इस सकारात्मक बजट का लाभ मिलेगा। हमें पूर्ण विश्वास है कि इन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से छत्तीसगढ़ के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य का गौरव बढ़ाएंगे।
किकबॉक्सिंग संघ, छत्तीसगढ़ सरकार के साथ मिलकर खेल प्रतिभाओं को निखारने, युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और प्रदेश में खेल संस्कृति को सशक्त बनाने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।”
