कलेक्टर ने स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता सुनिश्चित करने हेतु किया निर्देशित
टीबी मुक्त अभियान, टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य व एनआरसी में शत-प्रतिशत लक्ष्य सुनिश्चित करने के दिये निर्देश
डोर-टू-डोर सर्वे कर वंचितो का आभा आईडी व आयुष्मान कार्ड बनाने किया निर्देशित
स्वास्थ्य केंद्रों में अधोसंरचना के अपूर्ण कार्यो को तेजी से पूर्ण कराने के दिये निर्देश
कलेक्टर ने ली स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा बैठक, विभागीय योजनाओं की हुई विस्तृत समीक्षा
कोरबा 27 मार्च 2026/
कलेक्टोरेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों, मलेरिया, कुष्ठ, सिकलसेल स्क्रीनिंग, आयुष्मान कार्ड, आभा आईडी, एचआरपी (उच्च जोखिम गर्भवती), मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीकाकरण, परिवार कल्याण, एनसीडी, एनक्यूएएस, आरबीएसके, एनआरसी तथा अन्य विभागीय कार्यक्रमो, डीएमएफ के स्वीकृत कार्यो एवं आगामी वित्तीय वर्ष की कार्ययोजना पर विस्तृत समीक्षा की।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि स्वास्थ्य केंद्रों में मरीजों को समय पर जांच और उपचार की सुविधा मिले, सभी अस्पताल नियत समय पर संचालित हों तथा चिकित्सकीय स्टाफ की उपस्थिति नियमित और अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए।
स्वास्थ्य केंद्रों में मानव संसाधनों की उपलब्धता की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने एनएचएम के रिक्त पदों पर शीघ्र भर्ती पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही डीएमएफ से नियुक्त विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं अन्य स्वास्थ्य कर्मियों की सेवाओं का पूर्ण और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने की बात कही। उन्होंने जिले के दूरस्थ क्षेत्रो में लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट के पदों पर भी जल्द से जल्द कर्मचारियों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
टीबी मुक्त अभियान की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री दुदावत ने संदिग्ध मरीजों की जांच और उपचार में तेजी लाने एवं लक्ष्य पूर्ति के निर्देश दिए। उन्होंने निक्षय मित्र नियुक्ति मे गम्भीरता से प्रगति लाने एवं आमजनों में स्क्रीनिंग बढ़ाने निर्देशित किया।
आभा आईडी और आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रो में छूटे हुए हितग्राहियों के डोर टू डोर सर्वे कर वंचित लोगो की आभा व आयुष्मान कार्ड बनाने के निर्देश दिए।
मातृ स्वास्थ्य की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने एएनसी में अधिकाधिक पंजीकरण सुनिश्चित करने, उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं का समय पर चिन्हांकन कर उन्हें बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा शत-प्रतिशत संस्थागत प्रसव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नियमित टीकाकरण कार्यक्रम की प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने सभी टीकाकरण कार्यक्रमों का निर्धारित समयावधि में सुचारू संचालन सुनिश्चित करने, शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने तथा यू-विन पोर्टल पर समय पर पूर्ण डाटा एंट्री कराने के निर्देश दिए।
एनआरसी की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने केंद्रों में शत-प्रतिशत बेड ऑक्यूपेंसी सुनिश्चित करने तथा भर्ती हितग्राहियों को समय पर भुगतान करने के निर्देश दिए। उन्होंने मातृ एवं शिशु मृत्यु पर प्रभावी नियंत्रण के लिए विशेष प्रयास करने की बात कही एवं मृत्यु दर में कमी लाने हेतु ठोस कदम उठाने, संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान करने और प्रभावित परिवारों को समुचित परामर्श उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। एनसीडी कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग को शिविर आयोजित कर व्यापक जांच कराने हेतु निर्देशित किया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में प्री-बर्थ वेटिंग रूम स्थापित करने एवं स्वास्थ्य केंद्रों के नए भवनों को एनक्यूएएस प्रमाणन के लिए तैयार करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने भवनविहीन स्वास्थ्य केंद्रों के निर्माण, जर्जर भवनों के जीर्णोद्धार, सीपेज प्रभावित भवनों की छतों के सुधार तथा बाउंड्रीवॉल, बोरवेल सहित अन्य अधोसंरचना से जुड़े प्रस्तावों की जानकारी लेते हुए इन कार्यों का निर्माण एजेंसी से परीक्षण करा प्राथमिकता से स्वीकृति प्रदान करने के निर्देश दिए । उन्होंने निर्माणाधीन स्वास्थ्य केंद्रों एवं स्वास्थ्य विभाग के आवसीय परिसरों में एप्रोच रोड, बोरवेल एवं आवश्यकतानुसार बाउन्ड्री वाल का कार्य कराने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने विभाग के अपूर्ण कार्यो को तेजी से पूर्ण कराने एवं पूर्ण हो चुके कार्यो का पूर्णता प्रमाण पत्र जमा करने एवं विभाग को हस्तांतरित करने हेतु निर्देशित किया।
बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री दिनेश नाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, जिला स्वास्थ्य अधिकारी, जिला टीबी एवं कुष्ठ अधिकारी, जिला टीकाकरण अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, आरएमएनसीएचए, शहरी कार्यक्रम प्रबंधक, समस्त नोडल अधिकारी, सभी खंड चिकित्सा अधिकारी, विकासखंड कार्यक्रम प्रबंधक और स्वास्थ्य विभाग सहित अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
