ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में चलाया गया अवैध मादक द्रव्य पदार्थ हेतु सघन जांच अभियान
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी की मौजूदगी के नेतृत्व में की गयी कार्यवाही
कोरबा l कोरबा जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने और अवैध मादक द्रव्य पदार्थ के कारोबार पर लगाम कसने के उद्देश्य से ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में पुलिस द्वारा विशेष सघन जांच अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले और नगर पुलिस अधीक्षक प्रतीक चतुर्वेदी ने किया।
शाम के व्यस्त समय में चलाए गए इस सघन जांच अभियान अंतर्गत पुलिस टीम ने ट्रांसपोर्ट नगर से गुजरने वाले दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर सघन जांच की। विशेष रूप से उन वाहनों पर ध्यान केंद्रित किया गया, जिनमें अवैध मादक द्रव्य पदार्थ के परिवहन की आशंका थी। पुलिस ने वाहनों की डिक्की, बैग और अन्य हिस्सों की बारीकी से तलाशी ली।
उक्त जांच के दौरान वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी जांच की गई। नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ मौके पर ही वैधानिक कार्यवाही की गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर मौजूद जवानों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि जिले में अवैध मादक द्रव्य पदार्थ की बिक्री और तस्करी को रोकने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस तरह की सघन जांच आगे भी जारी रहेगी ताकि असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण रखा जा सके। नगर पुलिस अधीक्षकप्रतीक चतुर्वेदी ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे कानून का पालन करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि पुलिस और जनता के सहयोग से ही जिले में सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है।
इस कार्रवाई के चलते ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में कुछ समय के लिए हलचल और सख्ती का माहौल देखा गया। पुलिस की इस पहल से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
