कोसाबाड़ी क्षेत्र में अवैध कब्जे की मिली शिकायत…..रेशम बाड़ी पर पेड़ों की कटाई के बाद बिल्डिंग और दुकानों का निर्माण…. संबंधित विभाग ने तहसीलदार से विधिसम्मत कार्यवाही की मांग की है।
कोरबा l कोरबा नगर के कोसाबाड़ी चौक में स्थित रेशम विभाग की बहुमूल्य जमीन एक बार फिर अवैध कब्जे और निर्माण का केंद्र बनती नजर आ रही है। आरोप हैं की करोड़ों की शासकीय संपत्ति मानी जाने वाली रेशम बाड़ी में सैकड़ों पेड़ों की कटाई कर धड़ल्ले से निर्माण कार्य कराया जा रहा है, जिससे पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। बताया जा रहा है कि जिस भूमि पर रेशम उत्पादन के लिए विभाग द्वारा वर्षों पहले पौधे लगाए गए थे, उसे योजनाबद्ध तरीके से पहले उजाड़ा गया और अब वहां पर कब्जा कर दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार पहले भी इसी रेशम बाड़ी की जमीन पर अवैध कब्जा कर कई दुकानों का निर्माण कराया जा चुका है, जिनसे किराया वसूली कर मोटी कमाई की जा रही है। अब एक बार फिर उसी जमीन पर नए सिरे से निर्माण कर अवैध संपत्ति अर्जित करने की तैयारी की जा रही है। निर्माण कार्य इतने बेखौफ तरीके से किया जा रहा है कि मानो जिम्मेदार संबंधित विभागों का कोई डर ही नहीं रह गया हो। माना जा रहा हैं की समय रहते प्रशासन द्वारा सख्त कार्यवाही करना बेहद जरूरी हो गया है, अन्यथा आने वाले दिनों में यह अतिक्रमण और विकराल रूप ले सकता है तथा शासकीय जमीन को बचाना मुश्किल हो जाएगाl
