KORßA:-सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत ग्राम जल्के में जनसमस्या निवारण शिविर का हुआ आयोजन
96 आवेदनों का मौके पर हुआ निराकरण
कोरबा 07 मई 2026/
सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आज ब्लॉक पोड़ी उपरोड़ा के ग्राम पंचायत जल्के में जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, विधायक पाली-तानाखार उपस्थित रहे। उनके साथ डॉ. पवन सिंह कंवर, अध्यक्ष जिला पंचायत, श्रीमती माधुरी देवी तंवर, अध्यक्ष जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा, प्रकाश चंद जाखड़, उपाध्यक्ष जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा, मनोज कुमार बंजारे, एसडीएम पोड़ी उपरोड़ा, वीरेंद्र श्याम, तहसीलदार पसान, तथा जय प्रकाश डड़सेना, सीईओ जनपद पंचायत पोड़ी उपरोड़ा सहित जनपद सदस्य पोड़ी उपरोड़ा भी उपस्थित रहे। ग्राम जल्के के सरपंच सहित क्लस्टर की सभी दस ग्राम पंचायतों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायक तथा विभिन्न विभागों के कार्यालय प्रमुख, अधिकारी और कर्मचारी भी शिविर में शामिल हुए।
अतिथियों के कर-कमलों से खाद्य विभाग द्वारा नवीन राशन कार्ड तथा पंचायत विभाग द्वारा मनरेगा जॉब कार्ड का वितरण किया गया। शिविर में ग्रामीणों की मांग एवं शिकायतों से संबंधित कुल 525 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 96 आवेदनों का निराकरण मौके पर ही संबंधित विभागों द्वारा किया गया, जबकि शेष 429 आवेदनों के निराकरण की प्रक्रिया जारी है।
अपने उद्बोधन में अतिथियों ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित एवं उचित समाधान सुनिश्चित होता है। सभी विभागों के अधिकारी एक ही स्थान पर उपस्थित रहने से ग्रामीणों को जिला मुख्यालय तक अनावश्यक रूप से चक्कर नहीं लगाने पड़ते। अतिथियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे शिविर में उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाएँ।
