
कोरबा में व्यापारी के खिलाफ POCSO एक्ट में FIR, 16 साल की किशोरी से छेड़छाड़ का आरोप
कोरबा। शहर के व्यापारी चेतन दास चौधरी के खिलाफ नाबालिग से छेड़छाड़ के आरोप में पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। 16 वर्षीय किशोरी की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं में FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने कोतवाली थाने में आकर व्यापारी पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने देर शाम आरोपी के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध किया।
कोरबा सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि नाबालिग की शिकायत पर पोक्सो एक्ट और बीएनएस की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है।
फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और साक्ष्यों को जुटा रही है और आरोपी से पूछताछ की तैयारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आए साक्ष्यों और बयानों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। मामले की निष्पक्ष और त्वरित जांच की जा रही है और पीड़िता व उसके परिजनों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।









