KORBA:-प्रार्थना सभा में बवाल, महिला-बच्चों से मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप, 3 पर FIR
कोरबा। रजगामार चौकी क्षेत्र के ओमपुर स्थित चर्च में प्रार्थना सभा के दौरान विवाद और मारपीट का मामला सामने आया है। पिताम्बर सिंह की रिपोर्ट पर रजगामार चौकी पुलिस ने प्रवीण राठौर, मयंक और यश दास के विरुद्ध धारा 115(2), 296, 324, 351(3) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की है।
रिपोर्ट के अनुसार, पिताम्बर सिंह 8 नवंबर को ओमपुर रजगामार स्थित चर्च में मसीही समाज के लोगों के साथ प्रार्थना कर रहे थे। इसी दौरान प्रवीण राठौर, मयंक और यश दास वहां पहुंचे और कथित रूप से गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रवीण राठौर ने पिताम्बर सिंह को वेदी से खींचकर कॉलर पकड़ा और जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद मयंक और यश दास द्वारा भी उन्हें खींचने का आरोप है। महिलाओं द्वारा बीच-बचाव किए जाने की बात रिपोर्ट में कही गई है।
रिपोर्ट में ब्रिज लाल के साथ भी मारपीट करने, उनकी शर्ट फाड़ने तथा महिलाओं के साथ गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किए जाने का आरोप लगाया गया है। पिताम्बर सिंह की पत्नी अंजू के साथ मारपीट और बाल खींचकर घसीटने का भी आरोप रिपोर्ट में दर्ज है। शिकायत में छोटे बच्चों के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया है।
इसके अलावा शिकायतकर्ता ने घर के बाहर खड़ी अपनी मारुति-800 कार में तोड़फोड़ का आरोप लगाया है। रिपोर्ट के अनुसार, कार के चारों शीशे तोड़े गए तथा दरवाजे को भी नुकसान पहुंचाया गया। शिकायतकर्ता ने घटना के दौरान भीड़ जुटाने और बाद में उसे दोबारा चर्च के भीतर खींचकर मारने का प्रयास किए जाने का भी आरोप लगाया है।
पुलिस ने पिताम्बर सिंह की रिपोर्ट पर प्रवीण राठौर, मयंक और यश दास के विरुद्ध उक्त धाराओं में अपराध दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है।



