कोरबा: दूसरे सप्ताह भी जारी रहा साइबर जागृति अभियान, रक्षाबंधन पर मनाया गया साइबर सुरक्षा बंधन
कोरबा, 28 अगस्त 2026 –
पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लखन पटले और श्री नितीश ठाकुर के निर्देशन में जिले में चलाए जा रहे साइबर जागृति अभियान के दूसरे सप्ताह के तहत आज जिले के विभिन्न थानों द्वारा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
अभियान के तहत थाना कोतवाली, बालको, दर्री, दीपका, बांकीमोंगरा, सिविल लाइन रामपुर, पाली, बांगो, रजगामार, चैतमा सहित अन्य थानों की टीमों ने विभिन्न बैंकिंग संस्थानों, औद्योगिक क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को जागरूक किया।
दीपका थाना परिसर, सर्वमंगला चौक, कटघोरा बस स्टैंड, दर्री हीरो एजेंसी, हरदीबाजार बस स्टैंड, उरगा चौक, करतला के रामपुर और बेहरछुआ साप्ताहिक बाजार में पुलिस टीम ने नागरिकों को UPI फ्रॉड, बैंक फ्रॉड और अन्य साइबर अपराधों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
इस दौरान रक्षाबंधन पर्व के अवसर पर ‘साइबर सुरक्षा बंधन’ कार्यक्रम मनाया गया। लोगों ने ‘जागरूकता की राखी’ के साथ सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर शेयर की और साइबर सुरक्षा का संकल्प लिया।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की कि अपना OTP, UPI PIN, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी अनजान व्यक्ति से साझा न करें। अनजान लिंक, फर्जी कॉल, संदिग्ध APK फाइल और फर्जी वेबसाइट से सावधान रहें।
कोरबा पुलिस की अपील – साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराएं नहीं, तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं। समय पर की गई शिकायत से ठगी की राशि को रोका जा सकता है।









