नवागढ़ में रंजिश में युवक पर जानलेवा हमला, लोहे की रॉड और चूड़ा से किया वार; 3 आरोपी गिरफ्तार,
समाचार:
जांजगीर-चांपा। थाना नवागढ़ क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर युवक पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। मामले में एक विधि से संघर्षरत बालक भी शामिल है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में यह कार्रवाई की गई। प्रार्थी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 15 अगस्त 2026 को उसे और उसके साथियों को विवाद के संबंध में अमोरा स्थित शनि मंदिर के पास बुलाया गया था। वहां पहुंचने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और लोहे की रॉड, डंडा और हाथ में पहने चूड़ा से हमला कर दिया। हमले में प्रार्थी घायल हो गया, साथ ही उसकी मोटरसाइकिल और मोबाइल को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
रिपोर्ट पर थाना नवागढ़ में अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और आरोपियों को पकड़ा। पूछताछ में आरोपियों ने जुर्म स्वीकार किया, जिनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त लोहे की रॉड, डंडा और चूड़ा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपी:
- देवव्रत सिंह उर्फ बिट्टू राजा
- श्रेयाश सिंह उर्फ उमंग सिंह
- हेमन्त कश्यप – सभी निवासी ग्राम महंत, थाना नवागढ़
उक्त कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक मणिकांत पाण्डेय, ASI लम्बोदर सिंह बनाफर और थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।









