KORBA:-निगम क्षेत्र का चौथा सेवा संकल्प शिविर पं. रविशंकर शुक्ल नगर जोन में आयोजित
महापौर ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का किया निरीक्षण, नागरिकों को योजनाओं का लाभ लेने की अपील
कोरबा, 9 अक्टूबर 2026/ ‘सेवा संकल्प अभियान-अंतर्गत सेवा हेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र का चौथा शिविर आज पं. रविशंकर शुक्ल नगर जोन कार्यालय परिसर में आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्र से जुड़ी समस्याओं के संबंध में आवेदन प्राप्त कर उसका निराकरण किया गया और हितग्राहियों को योजनाओं से लाभान्वित किया गया।
शिविर में
महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय और कोरबा विधायक एवं कैबिनेट मंत्री श्री लखनलाल देवांगन के मार्गदर्शन में निगम क्षेत्र की समस्याओं का क्रमबद्ध निराकरण किया जा रहा है। आयुक्त और निगम के अधिकारी जनसमस्याओं के प्रति गंभीरता से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि निगम के 67 वार्डों में सड़क, पेयजल, बिजली, साफ-सफाई तथा विकास और निर्माण कार्य कराए जा रहे हैं। साथ ही मुख्यमंत्री तीर्थयात्रा योजना और श्रीरामलला अयोध्या दर्शन योजना के माध्यम से निगम क्षेत्र के श्रद्धालुओं को तीर्थयात्रा का अवसर मिल रहा है।
सभापति श्री नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि शासन की योजनाओं की जानकारी नागरिकों तक पहुंचाने और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सेवा संकल्प शिविर महत्वपूर्ण माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि शिविरों में नागरिक अपनी समस्याएं और शिकायतें दर्ज कराकर उनका निराकरण करा सकते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि कोरबा में धार्मिक आयोजनों के तहत नगर निगम द्वारा भव्य रामलीला का आयोजन किया जाएगा।
आयुक्त श्री आशुतोष पाण्डेय ने पं. रविशंकर शुक्ल नगर जोन की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जोन के सात वार्डों में 52 कार्यों के लिए 2,423 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इनमें से 16 कार्य प्रगतिरत हैं और 26 कार्य निविदा प्रक्रिया में हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना, राजस्व एवं जलकर वसूली, राशन कार्ड, श्रद्धांजलि योजना, परिवार सहायता योजना, पेंशन और स्वामित्व योजनाओं के अंतर्गत किए गए कार्यों तथा लाभान्वित हितग्राहियों की जानकारी भी दी। उन्होंने बताया कि जोन के रिकांडो रोड पर सौंदर्यीकरण और विकास कार्य कराया जा रहा है।
एमआईसी सदस्य श्री नरेंद्र देवांगन ने कहा कि ‘सरकार आपके द्वार’ शिविरों के माध्यम से विभिन्न विभाग एक ही स्थान पर नागरिकों की समस्याएं सुनकर उनका निराकरण कर रहे हैं। इससे लोगों को योजनाओं की जानकारी और उनका लाभ लेने में सुविधा मिल रही है।
कार्यक्रम में एमआईसी सदस्य नरेंद्र देवांगन, श्रीमती धनकुमारी गर्ग, नारायण प्रसाद कुर्रे, श्रीमती वर्षा दिनेश वैष्णव, श्रीमती सुनीता चौहान, गोपाल कुर्रे, मुकेश राठौर, रवि सिंह चंदेल, बद्रीकिरण, सुखसागर निर्मलकर और श्रीमती सिमरनजीत कौर सहित एल्डरमेन श्रीमती वैशाली रत्नपारखी और दीपक यादव, पूर्व पार्षद सुशील गर्ग, दिनेश वैष्णव, शैलेन्द्र सिंह पार्षदगण तथा अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।









