
आध्यात्मिक ऊर्जा पार्क में हर्षोल्लास से मनाई गई गणेश चतुर्थी, चैतन्य गणेश ने दिया आशीर्वाद
कोरबा। ब्रह्माकुमारीज के आध्यात्मिक ऊर्जा पार्क, गेवराघाट, कोरबा में गणेश चतुर्थी का पर्व श्रद्धा एवं आध्यात्मिक भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विशेष रूप से चैतन्य गणेश विराजमान रहे, जिन्होंने बीके भाई-बहनों को अपनी दिव्य उपस्थिति से आशीर्वाद प्रदान किया। बड़ी संख्या में बीके भाई-बहनों ने चैतन्य गणेश के दर्शन कर सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारीज की बीके बिंदु दीदी ने गणेश चतुर्थी के आध्यात्मिक रहस्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गणेश केवल विघ्नों को दूर करने वाले देवता के रूप में ही नहीं, बल्कि जीवन में ज्ञान, विवेक, पवित्रता और सकारात्मक संकल्प धारण करने की प्रेरणा देने वाले देव स्वरूप हैं। गणेश जी का बड़ा मस्तक विशाल बुद्धि एवं सकारात्मक चिंतन का संदेश देता है, जबकि छोटे नेत्र एकाग्रता और दूरदृष्टि के प्रतीक हैं।
उन्होंने कहा कि वास्तविक विघ्न बाहर नहीं, बल्कि हमारे मन के अंदर छिपे क्रोध, लोभ, मोह, अहंकार, ईर्ष्या और नकारात्मक विचारों के रूप में होते हैं। जब हम परमात्मा से राजयोग के माध्यम से जुड़कर अपने मन को शक्तिशाली बनाते हैं, तो इन आंतरिक विघ्नों पर विजय प्राप्त कर सकते हैं। यही गणेश चतुर्थी का वास्तविक आध्यात्मिक संदेश है।
बीके रुक्मणी दीदी ने सभी को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पावन अवसर पर प्रत्येक व्यक्ति अपने जीवन से किसी एक अवगुण को दूर करने और किसी एक श्रेष्ठ गुण को अपनाने का संकल्प ले। इससे जीवन सुख, शांति और आनंद से भरपूर बन सकता है।
कार्यक्रम में चैतन्य गणेश के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए बीके भाई-बहनों में विशेष उत्साह देखने को मिला। आध्यात्मिक वातावरण में गणेश चतुर्थी को केवल धार्मिक उत्सव के रूप में नहीं, बल्कि आंतरिक शक्तियों को जागृत करने और जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के पर्व के रूप में मनाया गया।









