



जांजगीर-चांपा पुलिस का रेलवे स्टेशनों पर सघन चेकिंग अभियान, बिहार से आने वाली ट्रेनों पर विशेष नजर, लावारिस बैग से हथियार बरामद
जांजगीर-चांपा। सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में जांजगीर-चांपा पुलिस द्वारा जिले के रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत जिले के चांपा, अकलतरा, नैला और कोटमीसोनार रेलवे स्टेशनों पर अलग-अलग पुलिस टीमों ने मोर्चा संभालते हुए यात्रियों, संदिग्ध व्यक्तियों और उनके सामान की गहन जांच की।
पुलिस ने विशेष रूप से बिहार की ओर से आने वाली ट्रेनों पर कड़ी निगरानी रखी है। चेकिंग के दौरान कुछ लावारिस बैगों से हथियार बरामद किए गए हैं, जिन्हें पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की अपील:
जांजगीर-चांपा पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि रेलवे में सफर के दौरान किसी भी प्रकार का हथियार साथ लेकर यात्रा न करें, बिना वैध अनुमति हथियार रखना अपराध है। साथ ही अपने सामान की स्वयं निगरानी रखें, किसी भी लावारिस बैग या संदिग्ध वस्तु को न छुएं और तत्काल पुलिस या रेलवे सुरक्षा बल को सूचना दें।









