KORBA:-जनपद सदस्यों ने डीएमएफ से मांगे 25-25 लाख, शासी परिषद में प्रतिनिधित्व भी…….


कलेक्टर को सौंपा मांगपत्र, कहा- क्षेत्रीय विकास के लिए मौजूदा जनपद निधि पर्याप्त नहीं……….
अध्यक्ष ने कहा मांग पूरी नहीं हुई तो पांचों ब्लॉक के जनपद सदस्य करेंगे सामान्य सभा का बहिष्कार
कोरबा। जिले के पांचों विकासखंडों के जनपद सदस्यों ने क्षेत्रीय विकास के लिए जिला खनिज न्यास (डीएमएफ) मद से प्रतिवर्ष राशि उपलब्ध कराने की मांग को लेकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है। जनपद सदस्य संघ ने कहा है कि यदि मांगों पर निर्णय नहीं हुआ तो वे सामान्य सभा की बैठक का बहिष्कार करेंगे और आगे की रणनीति तय करेंगे।
जनपद सदस्य संघ की ओर से कलेक्टर को सौंपे गए मांगपत्र में प्रत्येक जनपद सदस्य के लिए प्रतिवर्ष 25 लाख रुपये की राशि निर्धारित करने की मांग की गई है। संघ का कहना है कि एक जनपद सदस्य के क्षेत्र में तीन से पांच ग्राम पंचायतें आती हैं, ऐसे में जनपद निधि से मिलने वाली राशि क्षेत्र की जरूरतों के लिए पर्याप्त नहीं है। क्षेत्रीय विकास के लिए अतिरिक्त संसाधन जरूरी है, इसलिए डीएमएफ मद से राशि दी जाए।
संघ ने दूसरी मांग के रूप में जिला खनिज न्यास की शासी परिषद समिति की बैठकों में संघ द्वारा चयनित प्रतिनिधियों को आमंत्रित करने की मांग भी रखी है। संघ का तर्क है कि जनपद सदस्य सीधे ग्रामीण क्षेत्रों का प्रतिनिधित्व करते हैं, इसलिए डीएमएफ से जुड़े विकास कार्यों और निर्णयों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित होनी चाहिए।









