KORBA:-वन विभाग ने बालको को दिया झटका, जी 9 प्रोजेक्ट पर लगाई गई रोक
0 पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की शिकायत पर डीएफओ कोरबा ने शिकायत निराकरण होने तक निर्माण कार्य बंद रखने दिए आदेश





कोरबा। बालको के सेक्टर 6 स्थित जी 9 बहुमंजिला आवास निर्माण प्रोजेक्ट पर वन विभाग ने फिलहाल रोक लगा दी है। पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल द्वारा किए गए शिकायत के निराकरण होने तक डीएफओ कोरबा ने प्रोजेक्ट निर्माण कार्य बंद रखने के आदेश दिए हैं।
बालको के सेक्टर 6 स्थित जी 9 बहुमंजिला आवास निर्माण प्रोजेक्ट पर पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल ने गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाया है। उन्होंने सामान्य भूमि बताते हुए फर्जी अभिलेख प्रस्तुत करने का आरोप लगाया है। जबकि उक्त भूमि राजस्व रिकार्ड में जंगल मद में दर्ज है। भूमि पर निर्माण के लिए राज्य और केन्द्र सरकार की अनिवार्य अनुमति चाहिए, जिसे प्रबंधन ने जानबूझकर छिपाया। शिकायत में कहा गया है कि स्थल निरीक्षण में लगभग 440 पेड़ पाए गए, लेकिन बालको ने केवल 172 पेड़ बताकर भ्रामक रिपोर्ट तैयार कराई। यह पर्यावरण संरक्षण अधिनियम व जैव विविधता का गंभीर उंल्लघन है। साथ ही एसडीएम द्वारा अनुमति निरस्त होने के बाद भी लगातार अवैध निर्माण की शिकायत की गई है। श्री अग्रवाल ने प्रोजेक्ट के 17 नवंबर को किए गए भूमिपूजन को जनता को गुमराह करने की सुनियोजित कोशिश बताई है। इसके अलावा सार्वजनिक मार्ग पर अवैध अवरोध व जल निकासी मार्ग पर अवैध कब्जा की शिकायत करते हुए पूर्व मंत्री ने मुख्यमंत्री को भेजे गए शिकायत पत्र में परियोजना के सभी निर्माण कार्यों पर पूर्ण प्रतिबंध, भूमि, पर्यावरण व स्वीकृतियों की उच्च स्तरीय विशेष जांच, फर्जी दस्तावेजों व आदेश उंल्लघन पर प्रबंधन के विरूद्ध कार्रवाई की मांग की है। जिस पर अब वन विभाग का एक्शन भी देखने को मिला है। वनमंडलाधिकारी कोरबा ने आलुवालिया कंपनी/भारत एल्युमिनियम कंपनी लिमिटेड बालको को शिकायत के निराकरण होने तक निर्माण कार्य बंद रखने के आदेश दिए हैं। आलुवालिया कंपनी को बालको में जी 9 बहुमंजिला अपार्टमेंट निर्माण के लिए अनुबंधित किया गया है। साथ ही डीएफओ के आदेश में कहा गया है कि शिकायत निराकरण के लिए वनमंडल के द्वारा समिति गठित की गई है। समिति की जांच उपरांत प्रतिवेदन के आधार पर निराकरण किया जाएगा। डीएफओ के आदेश में पूर्व मंत्री जयसिंह अग्रवाल की शिकायत के अलावा वार्ड क्रमांक 39 रिसदा पार्षद तरूण राठौर की शिकायत का भी उल्लेख है। जिसमें उन्होंने निर्माणाधीन जी9 बहुमंजिला अपार्टमेंट स्थल में वृक्ष की कटाई/स्थानांतरण/अनुमति नहीं दिए जाने की शिकायत की है।
बॉक्स
बालको के जी 9 प्रोजक्ट पर रोक लगने से गरमायी राजनीति


















