KORBA: राज्य पुलिस सेवा में बड़ा फेरबदल, रामगोपाल करियारे बने कटघोरा के नए एडिशनल SP, नीतीश ठाकुर का बेमेतरा तबादला


कोरबा। छत्तीसगढ़ शासन के गृह (पुलिस) विभाग ने 30 अक्टूबर को राज्य पुलिस सेवा संवर्ग के 33 अधिकारियों की नवीन पदस्थापना का आदेश जारी किया है। इस फेरबदल में कोरबा जिले के पुलिस महकमे में भी बदलाव किया गया है। बिलासपुर में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) के पद पर पदस्थ रामगोपाल करियारे को अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, कटघोरा बनाया गया है।कटघोरा में एएसपी के पद पर पदस्थ नीतीश कुमार ठाकुर का तबादला बेमेतरा किया गया है। उन्हें वहां अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रामगोपाल करियारे की नई पदस्थापना को कोरबा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। वे पूर्व में कोरबा जिले में उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) के रूप में सेवाएं दे चुके हैं। जिले की भौगोलिक परिस्थितियों और पुलिस व्यवस्था से परिचित होने के कारण अब कटघोरा जैसे महत्वपूर्ण पुलिस अनुभाग की जिम्मेदारी संभालने में उनका पूर्व अनुभव उपयोगी माना जा रहा है। कटघोरा अनुभाग में कोयला खनन क्षेत्र, ग्रामीण इलाके और संवेदनशील मार्ग शामिल हैं। ऐसे में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग को लेकर उनकी भूमिका महत्वपूर्ण रहेगी।शासन के आदेश में कोरबा में पदस्थ डीएसपी देवेंद्र कुमार सिंह का भी तबादला किया गया है। उन्हें डीएसपी (यातायात), सरगुजा भेजा गया है। इसके साथ ही प्रदेश के विभिन्न जिलों और पुलिस इकाइयों में पदस्थ राज्य पुलिस सेवा के कुल 33 अधिकारियों की नवीन पदस्थापना की गई है। नए पदस्थापना आदेश के बाद कोरबा पुलिस विभाग में अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव के साथ आगामी दिनों में पुलिसिंग की कार्यप्रणाली में भी बदलाव देखने को मिल सकता है।










