खरीफ 2026 में फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए ‘कृषक उन्नति योजना’ के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश
कोरबा, 25 अगस्त 2026/ कलेक्टर कुणाल दुदावत ने खरीफ 2026 में ‘कृषक उन्नति योजना’ के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। योजना का उद्देश्य किसानों को फसल विविधीकरण के लिए प्रोत्साहित करना तथा धान के स्थान पर अन्य खरीफ फसलों की खेती को बढ़ावा देना है।
योजना के अंतर्गत धान के स्थान पर अन्य खरीफ फसल लेने वाले कृषकों को प्रोत्साहित किया जाएगा। इनमें दलहन, तिलहन, मक्का, कोदो, कुटकी, रागी और कपास जैसी फसलों को शामिल किया गया है। शासन द्वारा योजना के क्रियान्वयन के संबंध में पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों के आधार पर जिले में आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने निर्देशित किया है कि योजना के लिए निर्धारित मापदंडों के अनुसार कृषकों का एकीकृत किसान पोर्टल एवं एग्रीस्टेक में पंजीयन कराने के साथ-साथ पंजीकृत कृषकों का चिन्हांकन कर ग्राम स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। साथ ही, अधिकाधिक पात्र एवं इच्छुक किसानों को योजना का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जिला प्रशासन द्वारा संबंधित कृषि, राजस्व एवं अन्य विभागीय अधिकारियों को योजना के प्रभावी क्रियान्वयन, किसानों तक योजना की जानकारी पहुंचाने तथा पात्र कृषकों का पंजीयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।









